Salman Khan: सलमान खान को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुंबई पुलिस ने जोधपुर से पकड़ा
ईमेल भेजकर एक्टर सलमान खान को धमकी देने वाला आरोपी जोधपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी धाकड़ राम को लूणी पुलिस ने मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया।

Threat to Salman Khan: हाल ही में एक न्यूज चैनल को जेल के अंदर से कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने इंटरव्यू दिया था, जिसमें उसने साफ कबूला कि वो काले हिरण के शिकार मामले में अभिनेता सलमान खान का घमंड तोड़ेगा। इस इंटरव्यू के सामने आने के बाद 19 मार्च को सलमान खान को एक ईमेल भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद अब मुंबई पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जोधपुर से किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक सलमान खान और सिद्धू मूसेवाला के पिता को धमकी देने वाला आरोपी एक ही है, जिसे रविवार को राजस्थान के जोधपुर की लूणी थाना पुलिस ने मुंबई पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। सलमान खान के साथ आरोपी ने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह को भी ई-मेल भेजकर जान से मारने की धमकी दी थी।
ई-मेल भेजकर दी थी धमकी
जोधपुर लूणी पुलिस थाना अधिकारी ईश्वरचन्द पारीक ने बताया कि ईमेल के जरिए सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के बांद्रा थाने में दर्ज मामले में मुंबई पुलिस की टीम और लूणी पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धाकड़ राम को गिरफ्तार कर लिया। उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। आरोपी की धमकी के बाद सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ाते हुए मुंबई पुलिस को तलाश तेज कर दी थी। बता दें कि धाकड़ राम की तलाश में हाल ही में 24 मार्च को पंजाब पुलिस भी लूणी थाना आई थी। आरोपी बलकौर सिंह को भी धमकी देने के मामले में फरार चल रहा था।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी धाकड़ राम के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट का मामला जोधपुर के सरदारपुरा थाने में दर्ज किया हुआ है। हालांकि इसका लॉरेंस गैंग से क्या कनेक्शन है, इसकी जांच की जाएगी। आरोपी धाकड़ राम को मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है। जहां उससे पूछताछ होगी।












Click it and Unblock the Notifications