देश में अब तक 515 डॉक्टरों की कोरोना से मौत, IMA ने जारी किया नया आंकड़ा
नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 64 लाख के पार पहुंच गई है, जिसमें से करीब एक लाख लोगों की मौत अब तक हो चुकी है। इस बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने शुक्रवार को एक चौंकाने वाला आंकड़ा जारी किया। जिसमें पता चला कि देश में अब तक कम से कम 500 डॉक्टरों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हुई है। IMA ने मृतक डॉक्टरों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।

IMA अध्यक्ष डॉ. राजन शर्मा के मुताबिक देशभर में उनकी 1746 शाखाएं हैं। जिसके जरिए पता चला कि अब तक कोरोना वायरस से 515 डॉक्टरों की मौत हो चुकी है। ये सभी एलोपैथ के डॉक्टर थे। वहीं IMA डेटाबेस के अनुसार देश में डॉक्टर और मरीज का अनुपात 1:194 है। जिन डॉक्टरों की कोरोना वायरस से मौत हुई है उसमें 201 तो 60-70 आयु वर्ग के थे। इसके अलावा 171 डॉक्टर 50 से 60 आयु वर्ग और 18 डॉक्टर 35 वर्ष से कम के थे।
वहीं दूसरी ओर ड्यूटी के दौरान कितने डॉक्टर की कोरोना की वजह से मौत हुई, इसका आंकड़ा सरकार के पास भी नहीं है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भी हाल ही में संसद में कहा था कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और अस्पताल राज्यों के अंतर्गत आते हैं, इसलिए केंद्र इस तरह के किसी भी डेटाबेस को नहीं रखता है। इसमें सिर्फ उन्हीं का रिकॉर्ड मिल पाता है, जिन्हें सरकार की बीमा योजना के तहत मुआवजा मिलता है।
वहीं डेटाबेस पर IMA अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र अपनी जिम्मेदारी से कैसे पल्ला झाड़ सकता है। यह कैसे संभव है कि केंद्रीय अधिकारी एक डेटाबेस को बनाए नहीं रख सकते हैं, जब आपको आरटी-पीसीआर टेस्ट के माध्यम से कोविड -19 का परीक्षण करने के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता होती है। तब क्यों इतना मुश्किल है?












Click it and Unblock the Notifications