चीन से आईं 63,000 पीपीई किटों की खराब निकली क्वॉलिटी: सूत्र
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की जांच के लिए चीन से मंगवाई गई पीपीई (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) किट के टेस्ट में फेल हो गई हैं। हाल ही में भारत सरकार ने चीन से 63 हजार पीपीई किटों का आयात किया था। अब स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों की ओर से आ रही जानकारी में कहा गया है कि, चीन से हाल ही में आईं लगभग 63,000 व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट सुरक्षा मानदंडों को पूरा नहीं करती हैं।

इससे पहले खबर आई था कि, बीते 5 अप्रैल को चीन से 1.70 लाख पीपीई किट्स आई थीं जिनकी सुरक्षा जांच डीआरडीओ लैब में हुई थी। इनमें से 50 हजार जांच के दौरान सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं मिलने के कारण सभी के वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। वहीं दो सप्ताह पहले ही भारत की दो नामचीन कंपनियों ने 40 हजार पीपीई किट्स सरकार को उपलब्ध कराई थीं। ये भी सुरक्षा जांच के भारतीय मापदंडों पर खरा नहीं उतर सकीं।
चीन के टेस्टिंग किट में खामी मिलने के बाद भारत जल्द ही दक्षिण कोरिया से कोरोना टेस्टिंग किट खरीदेगा। इसके अलावा भारतीय मिशनों ने यूके, मलेशिया, फ्रांस, जर्मनी, जापान और अमेरिका के विक्रेताओं से टेस्टिंग किट के लिए कोटेशन भी लिए हैं। बता दें कि, देश में करीब 1 से 1.20 लाख किट्स की जरूरत प्रतिदिन है। हालांकि अब भारत में हर दिन 30 हजार किट्स का घरेलू स्तर पर निर्माण किया जा रहा है।
बता दें कि, देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1076 नए मामले सामने आए हैं और 32 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 13, 835 हो गई है। जिसमें 11616 सक्रिय हैं, 1766 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 452 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications