कश्मीर में केंद्र की पहल पर बोले फारूख अब्दुल्ला, क्या पाकिस्तान को बातचीत में शामिल करेगी सरकार
जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार के इस फैसले का तहे दिल से स्वागत किया। मुफ्ती ने कहा कि बातचीत समय की मांग है
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में सभी पक्षों से बातचीत के लिए पूर्व आईबी चीफ दिनेश्वर शर्मा की बतौर प्रतिनिधि नियुक्ति के फैसले को नेशनल कांफ्रेस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला केंद्र सरकार का यू-टर्न बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि ये एक राजनीतिक समस्या है। इस मुद्दे पर ना सिर्फ जम्मू कश्मीर के पक्षों से बल्कि पाकिस्तान से भी बात होनी चाहिए। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी केंद्र सरकार के इस फैसले पर ट्वीट किया। उमर ने ट्वीट किया, 'राज्य के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए बातचीत का रास्ता निकाला गया है।बातचीत प्रक्रिया के परिणाम देखने के लिए इंतजार करेंगे।'

जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार के इस फैसले का तहे दिल से स्वागत किया। मुफ्ती ने कहा कि बातचीत समय की मांग है और सकारात्मक रूप से आगे बढ़ने का यही एक रास्ता होगा। जम्मू-कश्मीर में शांति के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर के सभी पक्षों से निरंतर बातचीत शुरू करने के लिए पूर्व आईबी चीफ दिनेश्वर शर्मा को वार्ताकार नियुक्त किया है। राजनाथ ने कहा, केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के सभी पक्षों से खुले दिल से बात करेगी।












Click it and Unblock the Notifications