'आप' पार्टी से निकाले गये भूषण-यादव को नहीं मिला है निष्कासन पत्र
नई दिल्ली| आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा संस्थापक सदस्यों प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव सहित चार नेताओं को पार्टी से निष्कासित किए जाने की घोषणा के एक दिन बाद पार्टी के विद्रोही नेताओं ने कहा है कि उन्हें अभी तक पार्टी से निष्कासन पत्र नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि अजीत झा और आनंद कुमार सहित, चारों नेता सोमवार शाम हुई पार्टी की बैठक से पहले ही पार्टी छोड़ने का फैसला कर चुके थे।
लेकिन पार्टी की ओर से कह दिया गया है कि इन चारों को निकाल दिया गया है, जिसके बाद से लगातार इन चारों का पार्टी और पार्टी के लोगों पर जवाबी हमला जारी है। प्रशांत भूषण ने आप पार्टी की तुलना खाप पंचायत से और केजरीवाल की हिटलर से कर दी है तो वहीं प्रशांत भूषण ने पार्टी के नेता आशीष खेतान और पंकज गुप्ता पर भ्रष्टाचारी होने का आरोप लगाया है।
जिसके बाद से लगातार अब नेताओं और भूषण के बीच में तू-तू-मैं-मैं हो रही है, लोग जमकर एक-दूसरे के इज्जत की धज्जियां उड़ा रहे हैं। जबकि आप की ओर से कह दिया गया है कि वो पंकज गुप्ता व आशीष खेतान के खिलाफ कोई जांच नहीं करेगी क्योंकि उनपर लगे आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं।
मालूम हो कि प्रशांत भूषण ने आप के महासचिव पंकज गुप्ता पर एक फर्जी कंपनी से दो करोड़ रुपये चंदा लेने तथा आशीष खेतान पर 2जी घोटाले में शामिल एक दूरसंचार कंपनी के पक्ष में पैसे लेकर एक राष्ट्रीय पत्रिका में एक फर्जी खबर बनाने का आरोप लगाया है जिस पर आशीष खेतान ने कहा कि वो प्रशांत भूषण को छोड़ेंगे नहीं और उन्होंने खुद ही गलत पैसे कमाकर प्रापर्टी बनायी है।













Click it and Unblock the Notifications