देश को पता है भाजपा ने की धोखाधड़ी, आप कार्यकर्ताओं को रोकने पर भड़के सौरभ भारद्वाज
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा पर धांधली का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में शामिल होने पंजाब, हरियाणा से आप कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं को सिंघु व टीकरी बॉर्डर पर रोक लिया। इसके खिलाफ आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर आतिशी, सौरभ भारद्वाज व तमाम नेता सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।

इसी कड़ी में दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ आप के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल को घर में नजरबंद कर दिया गया है।
'देश को पता है भाजपा ने की धोखाधड़ी'
आप नेता और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर आरोप लगाया कि देश जानता है कि बीजेपी ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कैसे धोखाधड़ी की। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का आज बीजेपी कार्यालय पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना था, लेकिन इससे पहले ही हमारे विधायकों, पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर हिरासत में लिया गया। क्या बीजेपी अरविंद केजरीवाल से इतनी डरी हुई है कि वे यह विरोध प्रदर्शन नहीं होने दे रहे हैं?'
टीकरी बॉर्डर पर रोके गए आप कार्यकर्ता
टीकरी बार्डर पर भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। हालांकि यहां पर आने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या काफी कम है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि किसी को भी रोका नहीं जा रहा है। ज्यादातर लोग बहादुरगढ़ से मेट्रो में सवार होकर दिल्ली पहुंच चुके हैं। पुलिस केवल उन लोगों को रोका रही जो गाड़ी पर या तो झंडा लगाकर आ रहे हैं या उन्होंने गाड़ी पर कोई बैनर लगाया हुआ है।
पहले वोट की चोरी, अब रोक टोक
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक केजरीवाल का दावा है कि पूरी दिल्ली में बैरिकेडिंग कर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा,'पहले चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट चोरी किए। अब इसके खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आ रही जनता को जगह-जगह दिल्लीभर में रोका जा रहा है।
क्या बोली पुलिस
दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने सिंघु बॉर्डर पर 25 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। वह सभी पार्टी के पंजाब और हरियाणा इकाई के कार्यकर्ता हैं। पुलिस को शक है कि वह आज दिल्ली में होने वाले पार्टी के प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे हैं। 25 के साथ ही कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी रोका गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जिन्हें भी हिरासत में लिया गया है उन्हें वेरिफिकेशन के बाद बॉर्डर से आगे जाने दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications