कांग्रेस के साथ तालमेल की एक और कोशिश, 3 राज्यों में गठबंधन के लिए AAP ने सुझाया ये फॉर्मूला- सूत्र
नई दिल्ली। दिल्ली में लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए नए सिरे से बातचीत शुरू की है। AAP के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार से मुलाकात की। माना जा रहा है कि शरद पवार आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की इस कोशिश में सूत्रधार की भूमिका निभा रहे हैं।

दिल्ली में आप 5 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है- सूत्र
दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस के गठबंधन को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, AAP पंजाब में तीन, हरियाणा में दो और दिल्ली में पांच सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, संजय सिंह ने पवार से गठबंधन के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बात करने का अनुरोध किया है।

शरद पवार सूत्रधार की भूमिका में
वहीं, खबर आ रही है कि आप के इस प्रस्ताव पर कांग्रेस की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। जबकि शरद पवार के जरिए कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोशिश पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। लेकिन माना जा रहा है कि अंदरखाने में कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोशिशें अभी भी जारी हैं। हालांकि संजय सिंह ने कहा कि सभी दलों को अपने मतभेद खत्म करने होंगे। देश और संस्थानों को जीवित रखना है तो भाजपा के खिलाफ एकजुट होना होगा।

आप ने 7 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है
इसके पहले अरविंद केजरीवाल कहते रहे हैं कि दिल्ली में कांग्रेस गठबंधन को तैयार नहीं है और ऐसा करके पार्टी बीजेपी को फायदा पहुंचा रही है। अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा था कि बीजेपी को हराने के लिए वे कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ना चाहते हैं। उधर शीला दीक्षित ने भी आप के साथ गठबंधन की खबरों को लेकर चल रही बातचीत को खारिज कर दिया है। AAP के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने इसके पहले कहा था कि कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा और उनकी पार्टी 'पूर्ण राज्य बनाओ, झाड़ू का बटन दबाओ' के नारे पर दिल्ली में चुनाव लड़ेगी। दिल्ली में आप ने 7 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications