उम्मीदवार के घर वाले मोदी की रैली में गये, आप ने रद्द किया टिकट
नई दिल्ली। दिल्ली में चुनावी मौसम में सभी सियासी दलों में टिकटों को लेकर जमकर मारामारी मची हुई है। आम आदमी पार्टी ने मेहरौली और मुंडका सीट के उम्मीदवारों के टिकट को वापस ले लिया है। जिसके बाद दोनों ही आप उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मेहरौली से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गोवर्धन सिंह और मुंडका से राजेंद्र सिंह के टिकट को आम आदमी पार्टी ने रद्द कर दिया है। वहीं नरेश यादव को मेहरौली सीट से आप ने नया उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि मुंडका से सुखबीर दलाल को पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किया है।
वहीं दोनों उम्मीदवारों के विरोध के सवाल पर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया है कि इन दोनों के खिलाफ पार्टी के लोकपाल से जांच करायी जा रही है। सिसोदिया ने कहा कि गोवर्धन के परिवार वाले पीएम नरेंद्र मोदी की रैली में लोगों को बसों में भरकर ले गये थे जोकि कतई स्वीकार्य नहीं है, जिसके चलते उनका टिकट रद्द कर दिया गया।
वहीं गोवर्धन का आरोप है कि आम आदमी पार्टी ने उन्हे दिल्ली के जाट मतदाताओं को रिझाने के लिए टिकट दिया था। उन्होंने कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे लेकिन अरविंद केजरीवाल ने उनसे बार-बार चुनाव लड़ने के लिए कहा जिसके बाद वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए थे। गोवर्धन ने कहा कि आप ने उन्हें दिल्ली में 350 जाट बाहुल्य गांवों को ध्यान में रखते हुए टिकट दिया था।












Click it and Unblock the Notifications