आइस बकेट चैलेंज की तर्ज पर 'आप' ने शुरु किया चंदा अभियान
नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव का बिगुल कभी भी बज सकता है और सभी राजनैतिक पार्टियों ने अपना चुनावी अभियान शुरु कर दिया है। आम आदमी पार्टी एक के बाद एक ताबड़तोड़ रैलियां और नुक्कड़ सभाये कर रही है। साथ ही चुनाव लड़ने के लिए कई तरह के चंदा इकट्ठा करने का अभियान भी चला रही है।

नहीं चाहिए कॉर्पोरेट का चंदा
आम आदमी पार्टी ने पहले डिनर विद केजरीवाल, सेल्फी विद केजरीवाल, कॉफी विद केजरीवाल कैंपेंन के बाद आई फंड फॉर ऑनेस्ट पॉलिटिक्स नाम का चंदा इकट्ठा करने के लिए अभियान शुरु किया है। इस अभियान में आपको पार्टी को चंदा देने के साथ ही अपने दस मित्रों को भी चंदा देने के लिए नॉमिनेट करना होगा। आम आदमी पार्टी ने इसके लिए फेसबुक, ट्विटर पर अभियान भी चला रखा है। इस अभियान का मकसद है कॉर्पोरेट के चंदे को ना आम आदमी के चंदे को हां।
केजरीवाल ने दिया 10000 का चंदा
वहीं इस अभियान का हिस्सा बनते हुए आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने 10000 रुपए का चंदा पार्टी के फंड में जमा कराया है। साथ ही उन्होंने अपने दस करीबी मित्रों को चंदा देने के लिए नॉमिनेट भी किया है। इस अभियान में जुड़ने के बाद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने कॉर्पोरेट कंपनियों से चंदा नहीं लेने का फैसला लिया है। मैंने भी ये चैलेंज स्वीकार किया है और आम आदमी पार्टी को 10,000 रुपए का चन्दा दिया है और साथ ही अपने 10 दोस्तों और रिश्तेदारों को भी ये चैलेंज स्वीकार करने के लिए आमंत्रित किया है।
रिश्तेदारों और मित्रों को किया नॉमिनेट
केजरीवाल ने जिन दस लोगों का नाम लिया है उनमें उनके भाई मनोज, बहन रंजना, सहकर्मी अस्वती, दोस्त सुभाष खंडेलवाल, राजीव बजाज, पारिवारिक डॉक्टर विपिन, गुल पनाग, मोहम्मद कासिम, अमित अग्रवाल, मुनीश रायजादा, आईआईटी के सहपाठी सुब्रतो साहा शामिल हैं। साथ ही उन्होंने अपने फेसबुक के सभी मित्रों को ये चैलेंज लेने के लिए आमंत्रित किया है।












Click it and Unblock the Notifications