संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का समर्थन करेगी AAP, उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान से दूर रहेगी TMC
आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि वह उपराष्ट्रपति के लिए संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को अपना समर्थन देगी।
नई दिल्ली, 03 अगस्त : आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि वह उपराष्ट्रपति के लिए संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को अपना समर्थन देगी। आप सांसद संजय सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि हम आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का समर्थन करेंगे। आप ने राष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का भी समर्थन किया था।

झामुमो ने भी मार्गरेट अल्वा को किया सपोर्ट
इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भी संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार अल्वा को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। 18 जुलाई के राष्ट्रपति चुनावों के दौरान झामुमो ने विपक्षी दल होने के बावजूद भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार और मौजूदा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था।

19 जुलाई को किया था नामंकन
मार्गरेट अल्वा ने 19 जुलाई को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। अल्वा को मैदान में उतारने का फैसला एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के आवास पर 17 पार्टियों के विपक्षी नेताओं की बैठक में लिया गया। इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि पार्टी आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान से दूर रहेगी।

जगदीप धनखड़ से सामना
अल्वा का सामना भाजपा उम्मीदवार पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ से है। मतदान 6 अगस्त को होगा। धनखड़ की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के पास राज्यसभा और लोकसभा दोनों में पर्याप्त बहुमत है।

राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य करेंगे मतदान
भारत के उपराष्ट्रपति, जो देश में दूसरा सर्वोच्च संवैधानिक पद है। इसका चुनाव एक निर्वाचक मंडल के माध्यम से किया जाता है, जिसमें राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य होते हैं।

2017 में वेंकैया नायडू बने थे वाइस प्रेसिडेंट
2017 में एनडीए ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वेंकैया नायडू को अपने उम्मीदवार के रूप में नामित किया था और वह भारत के 15वें उपराष्ट्रपति बने।
यह भी पढ़ें- ' बीजेपी के नेताओं... ' वाला Tweet करने बाद मार्गरेट अल्वा ने BSNL के चेयरमैन को क्यों कहा Thank You?












Click it and Unblock the Notifications