Aaj Ka Taaja Samachar: दिल्ली में गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल ने की PM मोदी से मुलाकात

Aaj Ka Taaja Samachar: देश-दुनिया की तमाम आज की बड़ी खबरें आपको इस लाइव ब्लॉग में मिलेगी। आज शनिवार 2 अगस्त 2025 का दिन है। देशभर में मानसून की वजह से भारी बारिश हो रही है। कई राज्यों में अलर्ट जारी किए गए हैं। बिहार वोटर लिस्ट को लेकर विवाद जारी है। भारत और अमेरिका में टैरिफ को लेकर मुद्दा गरमाता जा रहा है। रेप केस में दोषी करार दिए गए प्रज्वल रेवन्ना की सजा का आज ऐलान होना है। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे हैं। पीएम मोदी ने 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

Aaj Ka Taaja Samachar LIVE Updates

देश, दुनिया, कारोबार, खेल जगत और विदेश से जुड़ी हर बड़ी खबर के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहिए वनइंडिया हिंदी के इस ब्लॉग पर...!

LIVE Feed
Aug 02, 2025, 6:42 PM IST

'तेल के साथ राजनीति मत खेलिए'- एनर्जी एक्सपर्ट नरेंद्र तनेजा का ट्रंप पर करारा जवाब

ऊर्जा नीति मामलों के विशेषज्ञ नरेंद्र तनेजा ने अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूसी तेल को वैश्विक आपूर्ति बाजार से बाहर करने के प्रयासों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'भारत की सार्वजनिक या निजी कंपनियों ने यूक्रेन संकट के बाद रूस से तेल खरीदना शुरू किया, लेकिन यह सरकार के दबाव में नहीं, बल्कि वाणिज्यिक फ़ैसला था, क्योंकि रूस अच्छी छूट दे रहा था। ट्रंप का एजेंडा पूरी तरह राजनीतिक है, जबकि यह क़दम अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत भी अवैध है।' तनेजा ने कहा कि भारत रूस से तेल खरीदकर न केवल खुद की ऊर्जा ज़रूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि पूरी दुनिया को स्थिर आपूर्ति देने में मदद भी कर रहा है — इसमें अमेरिका भी शामिल है। 'अगर भारत और चीन रूस से तेल खरीदना बंद कर दें, तो वैश्विक तेल प्रणाली चरमरा जाएगी और अमेरिका में सबसे ज़्यादा महंगाई आएगी। ट्रंप को समझना चाहिए कि राजनीति सब कुछ नहीं है। अमेरिका की जनता उनके इस कदम की कीमत भारत या चीन से कहीं ज़्यादा चुकाएगी।'
Aug 02, 2025, 6:11 PM IST

दिल्ली में गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल ने की पीएम मोदी से मुलाकात

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह भेंट ऐसे समय में हुई है जब राज्य में कई अहम विकास परियोजनाओं और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर हलचल तेज़ है। हालांकि, बैठक का औपचारिक एजेंडा सामने नहीं आया है।"
Aug 02, 2025, 6:00 PM IST

राज्य का दर्जा मांगने पर फारूक अब्दुल्ला का तंज

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस द्वारा 9 अगस्त को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर भूख हड़ताल की घोषणा पर नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'हम पहले से ही इसके लिए लड़ रहे हैं... हम उनके जैसे नहीं हैं। हम उस पर विश्वास करते हैं जो सबसे बड़ा है। हमें अपने अधिकार जरूर मिलेंगे।' केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 'जो लोग चार राज्यसभा सीटें और दो विधानसभा सीटें तक नहीं भर पाए, उनसे क्या उम्मीद कि वे हमें राज्य का दर्जा देंगे?'
Aug 02, 2025, 5:57 PM IST

कर्नाटक में 18 ठिकानों पर NIA की छापेमारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बजरंग दल के सदस्य सुहास शेट्टी की हत्या के मामले में आज कर्नाटक के विभिन्न जिलों में 18 स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तलाशी अभियान चलाया।
Aug 02, 2025, 5:40 PM IST

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर किया प्रदर्शन

दिल्ली में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने एसएससी, यूपीएससी और सभी परीक्षाओं में सुधार, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
Aug 02, 2025, 5:37 PM IST

शशि थरूर बोले- मैंने किसी को टारगेट नहीं किया, सिर्फ एक पुराना उद्धरण इस्तेमाल किया

सुप्रीम कोर्ट द्वारा एक बीजेपी नेता को कांग्रेस सांसद शशि थरूर के खिलाफ मानहानि केस वापस लेने की सलाह देने की खबरों के बीच थरूर ने कहा, 'हमारी व्यवस्था की समस्या यह है कि बहुत सारे फालतू केस चलते रहते हैं और फिर पूरी प्रक्रिया ही सज़ा बन जाती है। सवाल ये है कि क्या न्यायपालिका का समय सही मामलों पर खर्च हो रहा है या हमारे कई जज राजनीतिक मकसद से दायर किए गए फिजूल के केसों में समय गंवा रहे हैं? दुर्भाग्य से ऐसे कई राजनीतिक मामले हैं, और यह भी उन्हीं में से एक था।' रूर ने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री मोदी को टारगेट नहीं कर रहा था, न ही किसी और को। मैंने अपनी एक किताब में 2011 में छपे एक लेख का ज़िक्र किया था, जिसमें एक आरएसएस से जुड़े व्यक्ति के बयान को कोट किया गया था। बाद में वही व्यक्ति बीजेपी में सक्रिय हुए और पूर्वी यूपी के प्रभारी बने। छह साल बाद, उस कोटेशन को दोहराने पर मेरे खिलाफ केस कर दिया गया। मैं एक कोट का कोट कर रहा था। तो इसमें कोई हैरानी नहीं कि कोर्ट ने कहा कि केस ड्रॉप किया जाए।'
Aug 02, 2025, 5:33 PM IST

मालेगांव केस में बरी होने के बाद साध्वी प्रज्ञा का बयान

2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में एनआईए कोर्ट द्वारा सभी आरोपियों को बरी किए जाने पर पूर्व भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि, महाराष्ट्र मेरे दिल में बसता है। महाराष्ट्र में मालेगांव मामला दर्ज करने वालों को सजा मिल चुकी है। मैं बस यही कहूंगी कि जहां देशभक्ति होती है, वहां देशद्रोही टिक नहीं सकते।'
Aug 02, 2025, 5:12 PM IST

तेजस्वी यादव की गलती और झूठ दोनों पकड़े गए – रविशंकर प्रसाद

पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के इस बयान पर कि उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने पलटवार करते हुए कहा, 'तेजस्वी यादव पूर्व डिप्टी सीएम हैं, विपक्ष के नेता हैं। एक विपक्षी नेता दिल्ली में रोज झूठ बोलता है, बेसिर-पैर की बातें करता है, चुनाव आयोग को धमकाता है। तो क्या तेजस्वी यादव भी अब राहुल गांधी की राह पर चल पड़े हैं? आज आपकी गलती पकड़ी गई, आपका झूठ पकड़ा गया, आप एक्सपोज़ हो गए। चुनाव आयोग को बार-बार बताना पड़ा कि आप वोटर हैं, आपकी पत्नी भी वोटर हैं और दोनों का नाम उसी वेटनरी कॉलेज बूथ पर है।'
Aug 02, 2025, 4:34 PM IST

EX सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा

कर्नाटक से निष्कासित जेडीएस नेता और पूर्व लोकसभा सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बलात्कार के एक मामले में दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। यह फैसला जनता के प्रतिनिधियों के लिए विशेष अदालत ने सुनाया। यह मामला होलेनरसीपुरा (जिला हासन) स्थित एक फार्महाउस का है, जहां एक घरेलू सहायिका के साथ बलात्कार का आरोप प्रज्वल रेवन्ना पर लगा था। मामले की जांच के बाद कोर्ट ने उन्हें दोषी मानते हुए यह सख्त सजा दी। गौरतलब है कि इस केस के सामने आने के बाद उन्हें जनता दल (सेक्युलर) से निष्कासित कर दिया गया था, और यह मामला कर्नाटक की राजनीति में बड़ा विवाद बना था। कोर्ट के इस फैसले को महिला अधिकार संगठनों और पीड़िता के परिजनों ने न्याय की दिशा में अहम कदम बताया है।
Aug 02, 2025, 4:21 PM IST

तेजस्वी यादव का EC पर आरोप: EPIC नंबर में बदलाव, वोटर लिस्ट में साजिश की गई है

राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार को बड़ा बयान देते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े किए। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उनका खुद का EPIC नंबर यानी मतदाता पहचान पत्र संख्या बदल दिया गया है। उन्होंने कहा, "अगर मेरा EPIC नंबर बदला जा सकता है, तो सोचिए और कितने लोगों के EPIC नंबर बदले गए होंगे? ये वही सवाल हैं जो हम चुनाव आयोग से पूछ रहे हैं। ये एक गहरी साजिश है जिससे आम जनता के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा सकें।"
Aug 02, 2025, 3:56 PM IST

छत्तीसगढ़ में गिरफ्तार केरल की दो ननों को जमानत, एनआईए कोर्ट का फैसला

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मानव तस्करी और धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार की गईं केरल की दो ननों को आज एनआईए कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया। केरल से सीपीआई सांसद पी. सन्दोष कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और अन्य नेता जेल के बाहर मौजूद रहे और ननों का स्वागत किया।
Aug 02, 2025, 3:22 PM IST

राजीव रंजन सिंह का राहुल-तेजस्वी पर वार: "देश राहुल गांधी से नहीं, संविधान से चलता है"

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। तेजस्वी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव तथ्यों के बिना राजनीति करते हैं। जब चुनाव आयोग स्थिति स्पष्ट कर चुका है, तो सफाई की जरूरत ही क्या है?” राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा, “देश राहुल गांधी से नहीं, लोकतंत्र और संविधान से चलता है। कुछ दिन पहले वो संविधान की प्रति लेकर घूम रहे थे, क्या उसमें लिखा है कि जो इस देश का नागरिक नहीं है, वो भी वोटर बन जाएगा?”
Aug 02, 2025, 2:59 PM IST

अंग्रेजी को लेकर रेड कारपेट की मानसिकता गलत: फडणवीस

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मैं दृढ़ता से मानता हूं कि महाराष्ट्र में मराठी पढ़ाई जानी चाहिए और हमने इसे अनिवार्य भी कर दिया है। लेकिन अगर महाराष्ट्र में मराठी विद्यार्थियों को मराठी के साथ-साथ कोई अन्य भारतीय भाषा सीखने का मौका मिले, तो उसमें गलत क्या है? मैं उस मानसिकता का विरोध करता हूं जो भारतीय भाषाओं को नकारती है और केवल अंग्रेजी के लिए रेड कारपेट बिछाती है।"
Aug 02, 2025, 2:45 PM IST

सम्राट चौधरी का तेजस्वी यादव पर तीखा हमला

बिहार के डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। सम्राट चौधरी ने तेजस्वी को घेरते हुए कहा, “तेजस्वी जी, आपकी योग्यता पर मुझे ही नहीं, आपके परिवार और पूरे बिहार को भी शंका है। आपको S.I.R ड्राफ्ट में अपना नाम खोजना मुश्किल लग रहा होगा। आपका नाम 416 नंबर पर पिताजी के साथ दर्ज है, आप चाहें तो जाकर देख सकते हैं।
Aug 02, 2025, 2:42 PM IST

दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा भारत- संजय सेठ

रांची: रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, "अभी कुछ दिन पहले ही दुनिया ने देखा कि जापान को पछाड़कर भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया... अब वह दिन दूर नहीं, आने वाले एक साल में हम 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था के साथ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने जा रहे हैं। ये नया भारत है। ये नया भारत प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।"
Aug 02, 2025, 2:29 PM IST

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना में किसानों के कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा: "आज मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि पटना के किसानों ने यह संकल्प लिया है कि वे केवल उन्हीं उत्पादों को खरीदेंगे, जो हमारे देश में बने हैं और हमारे अपने लोगों द्वारा निर्मित हैं। प्रधानमंत्री ने भी देशवासियों से आह्वान किया है कि देश में बने स्वदेशी वस्तुओं को ही खरीदें। भारतीय अर्थव्यवस्था एक दौड़ता हुआ घोड़ा है, और दुनिया की कोई ताकत इसे रोक नहीं सकती।
Aug 02, 2025, 2:12 PM IST

तेजस्वी यादव के आरोप पर चुनाव आयोग का जवाब

चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव के उस दावे को "भ्रामक" और "तथ्यात्मक रूप से गलत" करार दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तेजस्वी यादव का नाम ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में क्रम संख्या 416 पर दर्ज है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह का कोई भी दावा कि उनका नाम सूची से हटाया गया है, झूठा और तथ्य के विपरीत है।
Aug 02, 2025, 2:04 PM IST

PM मोदी ने वाराणसी में बाढ़ की स्थिति का धिकारियों से ली जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी के मंडल आयुक्त और जिलाधिकारी से वहां की बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ से निपटने की तैयारियों और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चल रहे राहत कार्यों को लेकर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने राहत शिविरों में ठहरे लोगों और अलग-अलग जगहों पर शरण लेने वालों के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने प्रभावित लोगों को स्थानीय प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता मुहैया कराने पर जोर दिया।
Aug 02, 2025, 1:48 PM IST

श्रीनगर में Chinar Book Festival: धर्मेंद्र प्रधान बोले-किताबें हैं सभ्यता की आत्मा

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित किया गया Chinar Book Festival अब साहित्य, शिक्षा और युवा संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बनता जा रहा है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस आयोजन के दूसरे संस्करण में शिरकत की और छात्रों के उत्साह को देखकर इसे भविष्य के लिए प्रेरणादायक बताया।
Aug 02, 2025, 1:46 PM IST

चुनाव आयोग पर धांधली के आरोपों को लेकर देश की सियासत गरमाई हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव प्रक्रिया को लेकर दिए गए बयान पर अब केंद्र सरकार की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। बिहार की राजधानी पटना में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को उनके दावे पर घेरते हुए तीखा हमला बोला है। राजनाथ सिंह ने कहा कि, राहुल गांधी कह रहे हैं कि उनके पास चुनाव आयोग द्वारा वोटों की धांधली के सबूतों का एटम बम है। अगर ऐसा है, तो उसका परमाणु परीक्षण तुरंत किया जाना चाहिए। लेकिन सच्चाई यह है कि उनके पास कोई सबूत या प्रमाण नहीं है।
Aug 02, 2025, 1:44 PM IST

Tejashwi Yadav Voter List Name Removed: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने को लेकर सियासी तूफान खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने खुद यह चौंकाने वाला खुलासा किया है कि उनका नाम ही वोटर लिस्ट से गायब कर दिया गया है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा कि, 'मेरा नाम वोटर लिस्ट से गायब, अब मैं चुनाव कैसे लड़ूं?'
Aug 02, 2025, 1:05 PM IST

बिहार में 65 लाख वोटर गायब? तेजस्वी यादव का चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप

पटना में शनिवार को राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य की लगभग हर विधानसभा सीट से 20 से 30 हजार मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया बिना पारदर्शिता और सूचना के चुपचाप की गई है, जिससे करीब 65 लाख मतदाता यानी करीब 8.5% लोग प्रभावित हुए हैं।
Aug 02, 2025, 12:50 PM IST

पीएम मोदी बोले- भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है

पीएम मोदी ने कहा, ''भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है... इसलिए भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है। हमारे किसान, हमारे लघु उद्योग, हमारे नौजवानों को रोजगार। इनका हित हमारे लिए सर्वोपरि है। सरकार इस दिशा में हर प्रयास कर रही है। मैं आज अपने व्यापार जगत के भाई-बहनों से विशेष आग्रह करना चाहता हूं कि जब दुनिया इस प्रकार की अस्थिरता के माहौल से गुजर रही है तो हम भी सिर्फ और सिर्फ स्वदेशी माल ही बेचेंगे। ये संकल्प भी देश की सच्ची सेवा होगी। हर पल अब स्वदेशी ही खरीदेंगे। ये महात्मा गांधी को बड़ी श्रद्धांजलि होगी।''
Aug 02, 2025, 12:07 PM IST

पीएम मोदी बोले- बाबा के आशीर्वाद से काशी में विकास की धारा बढ़ रही है

पीएम मोदी ने कहा, ''आज यहां 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी हुआ है। बाबा के आशीर्वाद से काशी में विकास की अविरल धारा मां गंगा के साथ साथ आगे बढ़ रही है। मैं आप सभी को, देश के किसानों को, बहुत बहुत बधाई देता हूं।''
Aug 02, 2025, 12:05 PM IST

PM बोले- मोदी के विकास का मंत्र है- 'जो जितना पिछड़ा उसे उतनी प्राथमिकता'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मोदी के विकास का मंत्र है- 'जो जितना पिछड़ा उसे उतनी ज्यादा प्राथमिकता'। इस महीने केंद्र सरकार ने एक और नई योजना को मंजूर दी है जिसका नाम है प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना। इस योजना पर 24 हजार करोड़ रुपये किसानों के कल्याण के लिए खर्च किए जाएंगे। देश के ऐसे जिले जो पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण विकास की राह में पिछड़ गए थे... उन जिलों पर प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का फोकस होगा।"
Aug 02, 2025, 11:39 AM IST

वाराणसी में बोले PM मोदी- ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज मैं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं, जब 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, 26 निर्दोष लोगों की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मेरा हृदय बहुत तकलीफ से भर गया था। तब मैं बाबा विश्वनाथ से यही मना रहा था कि सभी पीड़ित परिवारों को ये दुख सहने की हिम्मत दें। मैंने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया था वह भी पूरा हुआ है। ये महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है।"
Aug 02, 2025, 11:37 AM IST

पीएम मोदी ने जारी की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की।
Aug 02, 2025, 11:18 AM IST

वाराणसी में PM मोदी: सीएम योगी बोले- यह नया भारत है, जिसमें ताकत भी है और हिम्मत भी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे समय काशी आए हैं, जब पूरी दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए भारत की क्षमता और साहस को देखा है। यह नया भारत है, जिसमें ताकत भी है और हिम्मत भी, जो पहलगाम हमले के हमलावरों को न्याय के कटघरे तक लाने का संकल्प रखता है।"
Aug 02, 2025, 11:08 AM IST

पीएम मोदी पहुंचे वाराणसी, जारी करेंगे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त

मख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी में स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी में लगभग 2200 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त जारी करेंगे।
Aug 02, 2025, 10:39 AM IST

रॉबर्ट वाड्रा को मनी लॉन्ड्रिंग केस में कोर्ट ने भेजा नोटिस, 28 अगस्त को सुनवाई

रॉबर्ट वाड्रा से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें और अन्य प्रस्तावित आरोपियों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 28 अगस्त के लिए जारी किया गया है, ताकि इन सभी को "प्री-कॉग्निजेंस स्टेज" यानी आरोप तय होने से पहले सुना जा सके। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हाल ही में मनी लॉन्ड्रिंग की चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल की है। कोर्ट ने ईडी को निर्देश दिया है कि वह चार्जशीट की कॉपी सभी प्रस्तावित आरोपियों को मुहैया कराए। इस चार्जशीट में कुल 3 व्यक्तियों और 8 कंपनियों को आरोपी बनाया गया है। अभी तक रॉबर्ट वाड्रा पर सीधे तौर पर आरोप तय नहीं हुए हैं, लेकिन ईडी की ओर से दायर चार्जशीट के आधार पर अब कोर्ट इस पर विचार करेगा कि आगे की कानूनी प्रक्रिया कैसे बढ़ेगी। यह मामला रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चल रही जांच का हिस्सा है, जिसमें उन पर विदेशी संपत्तियों और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े मामलों में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है।
READ MORE

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+