काशी में गरजे मोदी: बेटियों के सिंदूर का बदला लिया, अब पाकिस्तान ने पाप किया तो मिसाइलें जवाब देंगी, 5 बातें
PM Modi Varanasi Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (2 अगस्त) को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने 2,200 करोड़ रुपये की लागत से जुड़े 52 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने देशभर के 9.7 करोड़ किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के रूप में 20,500 करोड़ रुपये जारी किए।
काशी में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए भावुक अंदाज में कहा, "मैंने बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया था, वह अब पूरा हो चुका है। यह सब कुछ बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता मैं महादेव के चरणों में समर्पित करता हूं।" पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है, इसलिए भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है।

प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए कहा, ''अगर पाकिस्तान ने अब फिर से पाप किया तो मिसाइलें जवाब देंगी। उत्तर प्रदेश में बनी मिसाइलें आतंकियों को नेस्तनाबूद कर देंगी। अब भारत आतंकवाद के खिलाफ रुकने वाला नहीं है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''पाकिस्तान दुखी है, ये तो सब कोई समझ सकता है। लेकिन पाकिस्तान का ये दुख कांग्रेस और सपा से सहन नहीं हो पा रहा है। उधर,आतंक का आका रोता है और इधर, कांग्रेस, सपा वाले आतंकियों की हालत को देखकर रोते हैं। कांग्रेस हमारी सेनाओं के पराक्रम का लगातार अपमान कर रही है। कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर को तमाशा कहा है।''
PM मोदी के वाराणसी संबोधन की 5 बड़ी बातें
🔴 "जो वचन दिया था, निभाया": वाराणसी में बोले PM मोदी - बेटियों के सिंदूर का बदला लिया
पीएम मोदी ने कहा,
''आज मैं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं। जब 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था। 26 निर्दोष लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनकी परिवार की पीड़ा, उन बच्चों का दुख, उन बेटियों की वेदना से मेरा हृदय बहुत तकलीफ से भर गया था। तब मैं बाबा विश्वनाथ से यही मना रहा था कि सभी पीड़ित परिवार को इस दुख को सहने की हिम्मत दें। काशी के मेरे मालिकों, मैंने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया था, वो भी पूरा हुआ है। ये महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है।''
🔴 PM मोदी ने बताया क्यों नहीं गए बाबा विश्वनाथ के मंदिर?
पीएम मोदी ने कहा,
''इन दिनों जब काशी में गंगाजल लेकर जाते हुए शिवभक्तों की तस्वीरें, जब देखने को मिल रहा है, और खासकर सावन के पहले सोमवार को जब हमारे यादव बंधु बाबा का जलाभिषेक करने निकलते थे... डमरू की आवाज, गलियों में कोलाहल...तो एक अद्भुत भाव पैदा होता है। मेरी भी बहुत इच्छा थी कि सावन के पवित्र महीने में बाबा विश्वनाथ, मार्कन्डेय महादेव का दर्शन करूं, लेकिन मेरे वहां जाने से महादेव के भक्तों को असुविधा न हो, उनके दर्शन में बाधा न पड़े, इसलिए मैं आज यही से भोलेनाथ और मां गंगा को प्रणाम कर रहा हूं।''
🔴 PM मोदी बोले- हम बीज से बाजार तक किसानों के साथ खड़े हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,
''किसानों के जीवन में बदलाव के लिए, उनकी आय बढ़ाने के लिए, खेती पर होने वाला खर्च कम करने के लिए... एनडीए सरकार पूरी शक्ति से काम कर रही है। हम बीज से बाजार तक किसानों के साथ खड़े हैं।''
🔴 पीएम ने कहा- मोदी का मंत्र है, जो जितना पिछड़ा, उसे उतनी ज्यादा प्राथमिकता
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20 वीं किस्त जारी करने को लेकर कहा,
''कोई बिचौलिया नहीं, कोई कट कमीशन नहीं, कोई हेराफेरी नहीं, सीधे ये पैसे किसानों के खाते में पहुंचे हैं। मोदी ने इसे परमानेंट व्यवस्था बना दी है। ना लीकेज होगी, ना गरीब का हिस्सा छीना जाएगा। मोदी का मंत्र है- जो जितना पिछड़ा, उसे उतनी ज्यादा प्राथमिकता।''
🔴 यूपी के विकास पर क्या बोले PM मोदी?
यूपी के विकास पर बात करते हुए पीएम मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ घूमते थे और निवेशक यूपी आने से डरते थे। आज स्थिति बदल चुकी है -अपराधियों में कानून का डर है और निवेशक यूपी में भविष्य देख रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा,
''पहले की सरकारें किसानों के नाम पर सिर्फ घोषणाएं करती थीं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती थीं। भाजपा सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है। सपा और कांग्रेस ने किसानों को लेकर झूठ फैलाया, लेकिन सच आज सबके सामने है।''












Click it and Unblock the Notifications