PM Modi Varanasi: आज काशी में योजनाओं की बारिश, किसानों को मिलेगा 20,500 करोड़ और 52 नई सौगातें
PM Modi Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अगस्त को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। वाराणसी के बनौली गांव में आयोजित जनसभा में पीएम 2183 करोड़ रुपये से अधिक की 52 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह प्रधानमंत्री के रूप में उनका 51वां और तीसरे कार्यकाल में तीसरा वाराणसी दौरा होगा।
इस मौके पर प्रधानमंत्री देशभर के किसानों को बड़ी राहत देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त भी इसी कार्यक्रम में पीएम द्वारा जारी की जाएगी जिससे लगभग 9 करोड़ 70 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर लाभार्थियों के खातों में एक साथ 20500 करोड़ की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी जिससे किसानों को मौसमी खर्च में मदद मिलेगी।
दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए भी मिलेंगे उपहार
प्रधानमंत्री की इस यात्रा में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। वयोश्री योजना और दिव्यांग सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
दो अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए जो भी उपकरण और सामग्री वितरण किए जाने हैं। इन सभी के लिए मंच और उपकरणों की व्यवस्था पहले से तैयार कर ली गई है।
सीएम योगी एक दिन पहले पहुंचेंगे वाराणसी
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही वाराणसी पहुंच जाएंगे। इस दौरान वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
मुख्यमंत्री का बाबतपुर एयरपोर्ट पर आगमन शुक्रवार शाम को निर्धारित है। वाराणसी एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे सर्किट हाउस पहुंचेंगे उसके बाद निरीक्षण और रात्री विश्राम कर अगले दिन प्रधानमंत्री के स्वागत में शामिल होंगे।
सभा स्थल की तैयारियों में कोई कसर नहीं
बनौली गांव में पीएम की सभा के लिए विशाल पंडाल बनाया गया है। इसके अलावा हेलीपैड और मंच भी तैयार किए जा चुके हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए मंच और रास्तों की विशेष व्यवस्था की गई है।
वाहनों के आवागमन के दौरान किसी प्रकार की समस्या न होने पाये। इसे ध्यान में रखते हुए लोहे की प्लेटें बिछाई गई हैं। स्थानीय प्रशासन और एसपीजी ने सुरक्षा और सुविधा के सारे इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
वायुसेना ने की हेलीपैड पर रिहर्सल
बृहस्पतिवार को भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर भी वाराणसी पहुंच गए। हेलीकॉप्टरों ने सभा स्थल पर तीनों हेलीपैड पर 'टच एंड गो' अभ्यास किया। यह रिहर्सल दोपहर 12 बजे शुरू हुआ और सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की गई।
इस दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री की सभा में कई केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय मंत्री भी शामिल होंगे। इनमें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र सिंह और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख का नाम शामिल है।
इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और जनपद प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना की भी उपस्थिति तय मानी जा रही है, हालांकि अभी कंफर्म नहीं है।
पीएम मोदी के काशी दौरे का शेड्यूल
प्रधानमंत्री सुबह 10:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से बनौली सभा स्थल के लिए रवाना होंगे। बनौली में पीएम का करीब एक घंटे तक कार्यक्रम चलेगा।
सेवापुरी विकास खंड के बनौली गांव में कार्यक्रम के बाद पीएम दोपहर करीब 1:15 बजे विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications