Aaj Ka Mausam: इन राज्यों में कड़ाके की ठंड,दक्षिण में भारी बारिश,IMD का बड़ा अलर्ट जारी, पढ़ें वेदर रिपोर्ट
Aaj ka Mausam kaisa rahega (15 Nov 2025): देशभर का मौसम इस वक्त दो हिस्सों में बंटा हुआ है-दक्षिण भारत में भीषण बारिश को लेकर अलर्ट और उत्तर-मध्य भारत ठंड की चपेट में है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताज रिपोर्ट बताती है कि आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है। एक तरफ दक्षिण भारत में लगातार तीन बड़े मौसम सिस्टम सक्रिय हैं दूसरी ओर मध्य और उत्तर भारत में शीतलहर ने दस्तक दे दी है। आइए जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम?
किन-किन राज्यों में होगी बारिश?
दक्षिणी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का लंबा सिलसिला चलने वाला है। बंगाल की खाड़ी से लेकर कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण बांग्लादेश तक फैले तीन सक्रिय अपर-एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन तेज़ बारिश को बढ़ावा दे रहे हैं।

तमिलनाडु, केरल, कोस्टल आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 16 से 19 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई जगह गरज-चमक की संभावना है। IMD ने इन राज्यों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
सुबह के आंकड़ों के मुताबिक,तमिलनाडु के पंबन में 24 घंटे में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई है, जो आने वाले 'वेट स्पेल' का संकेत है। 16 और 17 नवंबर को तमिलनाडु, कोस्टल आंध्र और केरल में बिजली गिरने के साथ गरज वाले बादल दिखाई दे सकते हैं। लोगों को सलाह है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थान और पेड़ों के नीचे जाने से बचें।
मध्य भारत में ठंड की रफ्तार बढ़ी - कई जिलों में शीतलहर
- दूसरी तरफ मध्य भारत ठंड की गिरफ्त में है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। आज पश्चिम मध्य प्रदेश में शीतलहर से लेकर भीषण शीतलहर तक की चेतावनी जारी है। 16 नवंबर तक इसका असर पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बना रहेगा।
- राजगढ़ (मध्य प्रदेश) और अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) ने सबसे कम 7.4°C का न्यूनतम तापमान दर्ज किया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम रीडिंग है।
- IMD का कहना है कि अगले कुछ दिन तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उत्तर मध्यमहाराष्ट्र में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है।
उत्तर भारत में कोहरे की वापसी - UP और पूर्वोत्तर में सावधान रहें
अगले चार दिनों तक उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में सुबह का कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। शैलो से मध्यम कोहरा सुबह के समय विजिबिलिटी घटा सकता है, इसलिए ड्राइव करते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।
सागर में तेज हवाओं का अलर्ट - मछुआरे सावधान
15 नवंबर को श्रीलंका तट, कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 35-45 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ समुद्र उथल-पुथल में रहेगा। IMD ने मछुआरों को इन दो दिनों के दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी है। 16 नवंबर के बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है।
UP Weather: उत्तर प्रदेश में शीतलहर की एंट्री
उत्तर प्रदेश में ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। 15 और 16 नवंबर को राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट जारी है। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा छा सकता है। 17 से 20 नवंबर तक मौसम साफ रहने के संकेत हैं। कोई बड़ा अलर्ट नहीं है लेकिन रातें और ठंडी होंगी।
UP के कई शहरों में तापमान 8-12°C के बीच है।
- कानपुर: 8°C
- इटावा: 8.4°C
- बरेली: 9.2°C
- अयोध्या: 9.5°C
- बाराबंकी: 9.6°C
- लखनऊ: 11.4°C
- बुलंदशहर: 10°C
- शाहजहांपुर: 10.2°C
- मेरठ: 10.6°C
- मुजफ्फरनगर: 10.5°C
उत्तराखंड Weather: पहाड़ों में पाला और मैदानों में ठिठुरन
उत्तराखंड में ठंड तेजी से बढ़ रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने लगा है, जिससे लोगों की दिक्कतें बढ़ी हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कई दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा लेकिन सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ती जाएगी।
ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान 5°C से नीचे चला गया है। दिन में धूप खिली रहती है, लेकिन रात में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। देहरादून में भी सुबह-शाम की ठंडी हवाएं परेशान कर रही हैं। अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान से तीन गुना ज्यादा बना हुआ है, यानी दिन गर्म, रातें बेहद सर्द।
MP Weather: मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ ठंड
मध्य प्रदेश में सर्दी अपने शुरुआती दौर में ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। सुबह के वक्त ठिठुरन इतनी तेज है कि लग रहा मानो दिसंबर का आखिरी हफ्ता चल रहा हो। मौसम विभाग ने 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है भोपाल, राजगढ़, इंदौर, सीहोर, देवास, शाजापुर, शिवपुरी, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर। लोगों को सुबह और देर शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Bihar Weather: नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड
बिहार में ठंड ने सामान्य से एक महीने पहले ही जोर पकड़ लिया है। रात का तापमान कई जिलों में 11°C तक पहुंच गया है और आने वाले 72 घंटों में पटना, गया, रोहतास, भोजपुर, बक्सर समेत 15 जिलों में तापमान में और गिरावट होगी।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में हो रही बर्फबारी की ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं बिहार तक पहुंच रही हैं। इसी कारण रात का तापमान 1-2°C और नीचे जाने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications