Weather: कोहरा और शीत लहर बढ़ाएगा परेशानी, दिल्ली, पंजाब, यूपी समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी
Aaj Ka Mausam kaisa rahega: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरा और शीत लहर को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, पंजाब, यूपी, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में लगातार तापमान में गिरावट हो रही है। अगले दो दिनों में इन राज्यों में कोहरा और शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 'कोल्ड डे' की स्थिति जारी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा कि, पश्चिमी विभोक्ष के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत के राज्यों में ठिठुरने वाली सर्दी पड़ रही है।

IMD की ओर से ठंड को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में घना से बहुत घना कोहरा जारी रहने और उसके बाद धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है। पंजाब में 5 जनवरी तक कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
अगले तीन दिनों तक उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत में भी घना कोहरा
मौसम कार्यालय ने सोमवार को जनवरी के लिए देश के मध्य भागों में शीत लहर वाले दिनों के बारे में चेतावनी दी। वहीं अगले तीन दिनों के लिए उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत के हिस्सों में घने कोहरे का पूर्वानुमान लगाया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने जनवरी-फरवरी-मार्च अवधि के दौरान सामान्य वर्षा का भी अनुमान जताया है, जिससे रबी सीजन के दौरान गेहूं की बेहतर फसल की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के अगले सात दिनों के पूर्वानुमान में कहा गया है कि दिल्ली में 7 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 2 जनवरी से 6 जनवरी तक शहर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
भारतीय रेलवे के मुताबिक दिल्ली में कोहरे की स्थिति के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी आने वाली 26 ट्रेनें देरी से चलीं।
हालांकि, मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में अगले सप्ताह हल्का कोहरा रहने और ज्यादातर आसमान साफ रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications