सड़क पर जा रहे मां-बाप की जेसीबी ने ली जान, तीन बेटियों की चीखें सुन रो पड़े लोग
मोगा। पंजाब में लुधियाणा के मोगा में हुए एक सड़क हादसे ने पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपनी स्कूटी पर जा रहे थे कि कच्चा दोसांझ के पास विपरित दिशा से आ रही जेसीबी ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके तुरंत बाद लोगों ने जेसीबी चालक को दबोचा व पुलिस के हवाले कर दिया। सड़क हादसे में मारे गये दंपति की पहचान मनजीत सिंह (50) तथा चरनजीत कौर (45) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी मोगा शहर से अपने गांव जा रहे थे। गांव कपूरे निवासी पति-पत्नी की मौत की खबर गांव में पहुंची तो हर आंख नम हो गई। मृतक पति-पत्नी अपने पीछे 3 बेटियां छोड़ गए हैं। 3 बेटियों के सिर से मां-बाप का साया उठने के चलते गांव के घरों में मातम पसरा है। मृतक पति-पत्नी की बेटियां परमजीत कौर 12वीं, वरिन्द्र कौर 7वीं तथा जसप्रीत कौर 5वीं कक्षा की छात्रा हैं।
मां-बाप का सिर से साया उठने के चलते उनका आखिरी बार मुंह देखने को तरस रही तीनों बहनों की ऊंची आवाज में निकल रही चीखों ने हर गांववासी की आंखों में आंसू ला दिए। मृतकों की बड़ी बेटी परमजीत कौर रो-रोकर बता रही थी है कि वह माता-पिता के बिना घर का बोझ कैसे उठाएगी। मृतकों की सबसे छोटी लड़की को अभी यह भी नहीं पता कि उसके माता-पिता वहां चले गए हैं जहां से आज तक कोई वापस नहीं आया।

हादसे के बाद गुस्साये परिजनों ने पुलिस चौकी के समक्ष रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा कथित तौर पर इस मामले में ढील अपनाई गई तथा यहां तक कि मामले के नामजद व्यक्ति को भी गांववासियों ने ही पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा जेसीबी चालक की कथित लापरवाही के कारण हुआ है, क्योंकि चालक जेसीबी से जिस इंजन को उठाकर ले जा रहा था उसको सही तरीके से बांधा ही नहीं था। गांववासियों ने घोषणा की कि इस मामले में इंसाफ के लिए वह हर संभव संघर्ष करेंगे।
उधर, पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट के इंचार्ज प्रीतम सिंह ने कहा कि बनती कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जेसीबी चालक जोगिन्द्र सिंह के विरुद्ध मामला भी दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए वचनबद्ध है।












Click it and Unblock the Notifications