कोरोना से बचने के लिए शख्स ने खुद को डिज्नी आईलैंड में किया क्वारंटाइन, हुआ गिरफ्तार
नई दिल्ली: चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस की चपेट में दुनियाभर में 34 लाख से ज्यादा लोग आ चुके हैं। दुनिया के दिग्गज देश अमेरिका, फ्रांस, जापान और रूस में कोरोना की वजह से बुरा हाल हो रखा है। कोरोना से बचने के लिए लोग काम छोड़कर घरों में कैद हैं। वहीं फ्लोरिडा में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को डिज्नी वर्ल्ड में क्वारंटाइन कर रखा था। वहां उसने एक हफ्ते तक रुकने का प्लान बनाया था।

फ्लोरिडा पुलिस के मुताबिक 42 वर्षीय रिचर्ड मैकगियर नाम का शख्स सोमवार से डिज्नी आइलैंड में था। उसकी योजना एक हफ्ते तक वहां क्वारंटाइन रहने की थी। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को बताया कि उसे नहीं पता था कि ये एक प्रतिबंधित क्षेत्र है। उसे डिज्नी वर्ल्ड स्वर्ग जैसा लग रहा था, जिस वजह से उसने वहीं रुकने का फैसला किया। पुलिस के मुताबिक उन्होंने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए रिचर्ड को उस प्रतिबंधित इलाके की जानकारी दी थी, लेकिन उसके बाद भी आरोपी वहीं रुका रहा। जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में डिज्नी के सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों ने उसे कंपनी की एक नाव का इस्तेमाल करते हुए देखा था। वहां पर कई जगहों पर अतिक्रमण नहीं करने के बोर्ड लगे हैं। साथ ही दो गेट भी बंद हैं। इसके बाद भी रिचर्ड वहां पहुंचा, जिस पर उसकी गिरफ्तार हुई।
फ्लोरिडा में 35 हजार मामले
कोरोना वायरस की अभी कोई वैक्सीन नहीं बन पाई है। जिस वजह से दुनियाभर में 34 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। जिसमें से 2.4 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका मौजूदा वक्त में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां अब तक 10 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जिसमें से 67 हजार लोगों की मौत हुई है। वहीं फ्लोरिडा में अब तक 35463 मामलों की पुष्टी हुई है, जिसमें 1364 लोगों की मौत हुई है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए ट्रंप सरकार ने लॉकडाउन कर रखा है।












Click it and Unblock the Notifications