पत्नी को TikTok वीडियो बनाने से पति ने रोका, ना मानने पर गला घोंटने के बाद लाश पंखे से लटकाई
अमरावती: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में हत्या की खबर से सनसनी मच गई। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि वो उसके टिक टॉक वीडियो बनाने की आदत से परेशान था। पत्नी को उसने कई बार इससे रोका, मगर पत्नी का ना मानने पर उसने उसकी निर्मम हत्या कर दी। बुधवार को प्रकाशम जिले के कनिगिरी में इस शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी के टिक टॉक वीडियो बनाने से नाराज
साहिब की अपनी फातिमा के साथ टिकटॉक वीडियो बनाने को लेकर अक्सर बहस होती थी। उसने पत्नी को वीडियो ना बनाने के लिए कहा, लेकिन पत्नी के ना मानने पर उसने पहले पत्नी का गला घोंटा और फिर शव पंखे से लटका दिया। उसने ऐसा अपना गुनाह छुपाने और इसे आत्महत्या का मामला बताने के लिए किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
पुलिस के मुताबिक फातिमा की उम्र 30 साल थी और वो गृहणी थी। वो 27 अक्टूबर को पंखे से लटकी पाई गई। पुलिस ने शुरू में आत्महत्या का मामला मान लिया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसकी मौत फांसी की वजह से नहीं हुई। उसकी मौत गला घोंटने की वजह से हुई।

पुलिस ने ऐसा सुलझाया मामला
पुलिस ने जब फातिमा के परिवारवालों और पड़ोसियों से पूछताछ की तो पता चला कि फातिमा के टिक टॉक वीडियो बनाने से उसके पति साहिब को परेशानी थी। साहिब फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया और बाद में उसने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications