दिलीप कुमार पर जान छिड़कती थीं फीमेल फैंस, सगाई वाली रात एक लड़की ने खा ली थी नींद की गोली
मुंबई, जुलाई 07: दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार का आज सुबह मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन ने उनकी पत्नी और एक्ट्रेस सायरा बानो अकेली रह गई हैं। सायरा बानो दिलीप कुमार को अपने लिए कायनात का तोहफा मानती हैं। सायरा बानो ने अपनी पूरी जिंदगी दिलीप कुमार की सेवा में गुजार दी। वे उनकी हर जरूरत का ख्याल रखती थी। सायरा बानो ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में दिलीप की पहली मुलाकात, शादी औऱ उनकी जिंदगी के जुड़े कई किस्से शेयर किए।

मुंबई के महबूब स्टूडियो में पहली बार दिलीप कुमार से मिलीं थी सायरा बानो
सायरा बानो ने दिलीप कुमार से पहली मुलाकात पर को लेकर बताया कि, 'मैंने उन्हें पहली बार मुंबई के महबूब स्टूडियो में देखा था। उन्होंने एक सादे सफेद शर्ट, सफेद ट्राउजर और सफेद चप्पल पहने हुए थे। 'नया दौर' के अपने गाने 'उड़े जुल्फें जब जब तेरी' के साथ तालमेल बिठाते हुए उनके इतने प्यारे बाल थे। वह आसपास के सभी लोगों से बहुत अलग लग रहे थे। मैं पहली बार महबूब खान की एक पार्टी में मिली थी। मुझे उनसे लगभग तुरंत ही प्यार हो गया; मैं तब सिर्फ 12 साल की थी।

'दिलीप साहब हमेशा से बहुत डाउन-टू-अर्थ रहे'
जब सायरा बानो से पूछा गया कि आपने एक बड़े सुपरस्टार से शादी की थी....क्या बैलेंस बनाना आपके लिए मुश्किल नहीं होता था? इस पर उन्होंने कहा कि, 'हम दोनों अपने करियर में अच्छी स्थिति में थे। दिलीप साहब जितनी फिल्में कर सकते थे, उससे कहीं कम की थी। मेरे लिए बैंलेंस बनाना कोई मुश्किल नहीं था। दिलीप साहब की कोई संतान नहीं थी और वह हमेशा से बहुत डाउन-टू-अर्थ रहे। इससे साथ ही उन्होंने अपनी शादी के दिन का एक किस्सा भी शेय़र किया।

सगाई की खबर सुन लड़की ने खा ली थी नींद की गोली
जब सायरा बानो से पूछा गया कि, जब लड़कियों ने उन्हें घेर लिया करती थीं तो क्या आप पजेसिव और असुरक्षित महसूस करती थीं? उन्होंने बताया कि, नहीं मैं ऐसा महसूस नहीं करती थी, मुझे कभी पजेसिव महसूस नहीं हुआ। उन्होने बताया कि, जिस दिन हमारी सगाई हुई, उस दिन भी एक लड़की जो इंडस्ट्री से नहीं थी, जो कथित तौर पर उनकी प्रेमिका थी और उसने नींद की गोलियां ले ली। वो उस दिन उनके साथ ही थी, दिलीप साहब को दौड़कर उसके पास जाना पड़ा ।

...जब दिलीप कुमार के लिए लड़की ने की थी आत्महत्या की कोशिश, घर जाकर उन्होंने समझाया था
सायरा बानो ने बताया कि, दिलीप साहब को उसे समझाना पड़ा कि वह मुझसे प्यार करता है। उन्होंने उसे शांत किया और सगाई समारोह में वापस आ गए। मुझे ऐसी चीजों की आदत हो गई है। ऐसी लड़कियां थीं जो उनकी कार के सामने खड़ी हो जाती थीं और चाहती थीं कि कार उनके ऊपर से निकल जाए। सायरा बानो ने आगे बताया था कि दिलीप कुमार बचपन में बेहद खूबसूरत थे। उन्हें बहुत जल्दी नजर लग जाती थी। उन्हें बलाओं से बचाने के लिए उनकी दादी और मां उनकी नजर उतारती थीं।

'एक फकीर ने कहा था कि 15 साल तक उन्हें बुरी नजर से बचाकर रखना है'
सायरा ने बताया था, दिलीप कुमार बेहद खूबसूरत हैं। उनको चाहने वाले दुनियाभर में हैं। एक फकीर ने कहा था कि 15 साल तक उन्हें बुरी नजर से बचाकर रखना है। इसलिए उनकी मां और दादी नजर उतारती थीं। उनका तरीका कुछ और था। मैं उनका सदका करती हूं। गरीबों को कपड़े, अनाज और उनकी जरूरत की चीजें देती हूं।

दिलीप कुमार ने साल 1981 में हैदराबादी अस्मा साहिबा रहमान से शादी कर ली थी
आप में से बहुत कम लोग जानते होंगे कि सायरा को छोड़कर दिलीप कुमार ने साल 1981 में हैदराबादी अस्मा साहिबा रहमान से शादी कर ली थी। कहा जाता है कि वो मूल रूप से पाकिस्तानी और तलाकशुदा थीं और उनको पहली शादी से तीन बच्चे थे, जो कि उनके पहले पति के ही साथ रहते थे। उस वक्त की मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि दिलीप कुमार ने आस्मा से शादी इसलिए की क्योंकि सायरा बानो से उनकी कोई संतान नहीं थी। हालांकि इस शादी की उम्र लंबी नहीं थी और साल 1983 में दिलीप कुमार की दूसरी शादी का अंत हो गया और दिलीप कुमार ने आस्मा से तलाक ले लिया और वो वापस सायरा बानो के पास पहुंचे थे,सायरा तो उन्हें दिल और जान से चाहती ही थीं और उन्होंने उन्हें माफ कर दिया और वो फिर से पति-पत्नी बन गए।

मधुबाला नहीं कामिनी कौशल थी दिलीप कुमार का पहला प्यार
दिलीप कुमार को सबसे पहले एक्ट्रेस कामिनी कौशल से प्यार हुआ था। दोनों का रोमांस 1948 में रिलीज हुई फिल्म 'शहीद' के सेट पर शुरू हुआ था। जल्दी ही दोनों शादी प्लानिंग भी करने लगे थे। पर जिस वक्त कामिनी दिलीप साहब को डेट कर रही थीं, उस वक्त वे शादीशुदा थीं। कामिनी ने जिनसे शादी की थी, वे उनकी बड़ी बहन के पति थे। जब कामिनी के भाई को इस बात का पता चला कि उनकी शादीशुदा बहन दिलीप कुमार को डेट कर रही हैं तो वे गुस्से से लाल हो गए थे। फिर उन्होंने दिलीप कुमार को धमकी दी कि वे कामिनी से रिश्ता तोड़ लें। एक्ट्रेस मधुबाला के साथ भी दिलीप कुमार का रिश्ता काफी गहरा था। दिलीप कुमार और मधुबाला ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। फिल्म तराना के दौरान इनका प्यार परवान चढ़ा। मधुबाला ने अपने प्यार का इजहार दिलीप कुमार को खत लिखकर किया था। दिलीप साहब ने मधुबाला के प्यार के पैगाम को कबूल कर लिया। बाद में दोनों ने सगाई कर ली। मधुबाला के पिता और दिलीप साहब के बीच अहंकार के चलते दिलीप कुमार और मधुबाला का ब्रेकअप हो गया।












Click it and Unblock the Notifications