'संकल्प पत्र': 9 पिलर (स्तंभ) वाले विकास के एजेंडे पर 'नया ओडिशा' बनाएगी बीजेपी
नई दिल्ली- बीजेपी ने रविवार को ओडिशा के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया है। भुवनेश्वर में पार्टी के संकल्प पत्र को जारी करते हुए बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि यह 'नया ओडिशा' बनाने का संकल्प पत्र है, जिसमें पार्टी ने 9 बिंदुओं पर फोकस किया है।

प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए घोषणा पत्र जारी करते हुए अमित शाह ने बताया कि किन बिंदुओं पर पार्टी जोर दे रही है। इसके मुताबिक बीजेपी ने रेप के अभियुक्तों के लिए फांसी की सजा सुनिश्चित करने का वादा किया है। किसानों को 0% ब्याज पर लोन देने की बात कही गई है, ताकि किसान साहूकारों की गिरफ्त से मुक्ति पा सकें।
छोटे और मझोले किसानों को 3,000 रुपये सालाना पेंशन देने का भी बीजेपी ने वादा किया है। ये पेंशन तब मिलेगा, जब किसान 60 साल की उम्र पार कर लेंगे। बीजेपी ने स्किल ओडिशा (Skill Odisha) के नाम से 3,500 करोड़ रुपये का विशेष फंड बनाने का भी वादा राज्य के मतदाताओं से किया है।
पार्टी का दावा है कि इससे हर साल 5 लाख लोगों को फायदा मिलेगा। यही नहीं बीजेपी ने ओडिशा के लिए 1,000 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड (startup fund)बनाने की भी बात कही है।
इसके अलावा बीजेपी ने राज्य में सरकार बनने पर आयुष्मान भारत योजना वहां भी शुरू करने की बात की है, जो अभी वहां लागू नहीं हो पाया है। पार्टी ने सूक्ष्म और लघु सिंचाई को प्राथमिकता देते हुए इस क्षेत्र में 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का भी भरोसा दिया है।
पार्टी ने सरकार बनने के दो साल के भीतर सभी खाली पदों पर भर्ती और गरीबों के लिए केजी से पीजी तक की मुफ्त शिक्षा देने की व्यवस्था करने की भी बात कही है। यही नहीं पार्टी ने 1,500 करोड़ रुपये की लागत से राज्य में 15 नई स्मार्ट सिटी विकसित करने का भी भरोसा दिलाया है।












Click it and Unblock the Notifications