एनकाउंटर में मारे गए भोपाल जेल से भागे सभी 8 आतंकी
इन्होंने भागने से पहले एक हेड कॉन्स्टेबल की हत्या भी कर दी थी। यह आठों आतंकी प्रतिबंधित स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) संगठन के थे।
भोपाल। रविवार रात को भोपाल की जेल से 8 आतंकी फरार हो गए थे, जिन्हें एएनआई न्यूज के अनुसार पुलिस ने मार गिराया है। इनका एनकाउंटर भोपाल के बाहरी हिस्से में स्थित इंतखेड़ी गांव में किया गया है।

इन्होंने भागने से पहले एक हेड कॉन्स्टेबल की हत्या भी कर दी थी। यह आठों आतंकी प्रतिबंधित स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) संगठन के थे।
इन आतंकियों ने रात करीब 2 बजे हेड कॉन्स्टेबल रामा शंकर की हत्या की। हत्या के लिए आतंकियों ने चाकू का सहारा लिया और उससे रामा शंकर का गला काट दिया। सुबह करीब 10 बजे के आसपास पुलिस ने सभी आतंकियों को मार गिराया है। यानी महज 8 घंटे के अंदर ही पुलिस ने इन आतंकियों को ढूंढ़ निकाला और मार गिराया।
चादरों के सहारे भागे थे
हेड कॉन्स्टेबल की हत्या के बाद आतंकियों ने चादरों को आपस में जोड़कर जेल की चारदीवारी फांद ली। अपनी इस योजना का अंजाम देने के लिए आतंकियों ने दिवाली की रात चुनी।
आतंकियों ने दिवाली की रात को इसलिए चुना क्योंकि इस रात में लोग दिवाली उत्सव के चलते पटाखे बजा रहे थे और पटाखों के शोर में उनके भागने की आहट किसी को सुनाई न दे।

सभी पर चल रहा था देशद्रोह का मामला
फरार हुए आठों आतंकियों पर देशद्रोह का मामला चल रहा था। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस मामले की छानबीन की जाएगी कि आखिर वो भागने में कामयाब कैसे हो सके।
उन्होंने इन आठों आतंकियों के भागे जाने के बाद पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही, देश के अन्य राज्यों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। माना जा रहा है कि ये किसी बड़े हमले को अंजाम देने के लिए भी भागे हो सकते हैं। पूरे प्रदेश में पुलिस जगह-जगह इन आतंकियों की तलाश कर रही है।
पहले भी भाग चुके हैं आतंकी
यह दूसरी बार है कि मध्य प्रदेश में ऐसी घटना हुई है। इससे पहले भी एक बार सिमी के 10 आतंकी भोपाल जेल से फरार हो गए थे। इनमें से 5 को तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन बाकी के 5 आतंकी भागने में सफल रहे थे।
स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया या सिमी एक प्रतिबंधित संगठन है, जिसकी शुरुआत 1977 में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुई थी।
4 जेल अधिकारी सस्पेंड
इस मामले पर देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान से एक रिपोर्ट मांगी है। वहीं भोपाल सेन्ट्रल जेल के डायरेक्टर जनरल संजय चौधरी ने बताया कि सुरक्षा में हुई खामियों की छानबीन की जा रही है और जेल के अन्य कैदियों की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भागे हुए आतंकियों की तलाश जारी है और इस मामले में 4 जेल अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जेल के एडीजी को पहले ही हटा दिया गया है और डीआईजी को भी सस्पेंड किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications