महाराष्ट्र में 786 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित, 7 ने गंवाई जान
नई दिल्ली: सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी भारत में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। देश में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां अब तक 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इसमें से 489 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1867 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। ऐसे में अब वहां 15649 कोरोना के एक्टिव केस हैं। इस दौरान फ्रंटलाइन पर काम कर रहे पुलिस जवान भी बड़ी संख्या में इसकी चपेट में आना शुरू हो गए हैं।
Recommended Video

महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक अब तक राज्य में 786 पुलिस जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें से 76 ठीक हो चुके हैं, जबकि 7 पुलिसकर्मियों की मौत इस वायरस की वजह से हुई है। ऐसे में महाराष्ट्र पुलिस में एक्टिव केसों की संख्या 703 ही है। वहीं लॉकडाउन के दौरान 200 जगहों पर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई। जिसमें 732 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मुंबई कोरोना से प्रभावित है, जहां अब तक 12864 केस सामने आ चुके हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है।
तेजी से बढ़ रहे आंकड़े
पिछले 24 घंटे में देश में 3277 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 127 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 62,939 हो गई, जिसमें 41,472 एक्टिव केस हैं। वहीं 19,357 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं और 2109 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक गुजरात में 7796, दिल्ली में 6542 और तमिलनाडु में 6635 मामले सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications