गोद लिए बेटे की पत्नी करती थी मारपीट, 70 साल की महिला ने अब खुद के बच्चे को जन्म दिया
जयपुर। राजस्थान के कोटा जिले में 70 साल से अधिक उम्र की महिला ने आईवीएफ तकनीक के माध्यम से एक प्रिमेच्योर बच्ची (समय से पहले जन्म) को जन्म दिया है। बच्ची का जन्म एक निजी अस्पताल में हुआ है। सांगोद ग्रामीण इलाके की रहने वाली महिला ने 12 अक्टूबर को साढ़े छह माह की बच्ची को जन्म दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नवजात बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे एक अन्य अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। बच्चे का इलाज कर रही डॉक्टर का कहना है कि महिला की उम्र का सही से पता नहीं चल पा रहा है क्योंकि उनके पास उम्र से संबंधित कोई सटीक जानकारी नहीं है। महिला ने अपनी पहचान निजी रखने का आग्रह किया है और किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया है।
डॉक्टर का कहना है कि महिला का खुद का कोई बच्चा नहीं था, तो उन्होंने अपने रिश्तेदार के बेटे को गोद ले लिया। लेकिन उनकी बहू उनके साथ मारपीट किया करती थी। जिसके बाद उन्होंने अपना खुद का बच्चा पैदा करने का विचार किया। डॉक्टरों का कहना है कि जब महिला उनके पास आई तो उन्हें उनकी सेहत को लेकर थोड़ा संदेह था, लेकिन वो अपने फैसले पर अटल थी।
पुलिस को जब जांच में इस बात का पता चला कि महिला की जान को खतरा है, तो उन्होंने शनिवार की रात सी-सेक्शन के जरिए डिलीवरी करने का फैसला किया। अधिक उम्र होने के अलावा बीते 45 साल से महिला का केवल एक ही फेफड़ा है। क्योंकि उन्हें टीवी की बीमारी हो गई थी। उन्हें बीपी की भी समस्या है। ऐसे में सी-सेक्शन का सफल हो पाना काफी मुश्किल था।
महिला को एक और परेशानी है, वह अपनी बच्ची को दूध भी नहीं पिला सकती इसलिए बच्ची को पशु का दूध या फिर दूध पाउडर ही पिलाना पड़ेगा। महिला का इलाज कर रही एक डॉक्टर का कहना है कि आईवीएफ तकनीक में सफलता की केवल 20 से 40 फीसदी ही संभावना होती है, लेकिन इस मामले में महिला की उम्र भी अधिक है, ऐसे में बच्चे को जन्म दे पाने की संभावना काफी कम थी।
इससे पहले बीते साल सितंबर माह में ऐसा ही एक मामला आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले से भी सामने आया था। जिसमें एक 74 साल की महिला ने दो जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया था। इस मामले से भी पहले हरियाणा की रहने वाली 70 साल की दलजिंदर कौर को बच्चे देने वाली दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला कहा गया था। उन्होंने 2016 में एक लड़के को जन्म दिया था।












Click it and Unblock the Notifications