NEET-JEE परीक्षाओं की स्थगित कराने की मांग लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे 6 राज्य
नई दिल्ली। अगले महीने होने वाली जेईई और नीट परीक्षा को फिलहाल टाल देने की मांग को लेकर छह राज्यों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पंजाब और महाराष्ट्र की ओर से सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल की गई है। इस याचिका में सुप्रीम कोर्ट से 17 अगस्त के उसके आदेश की समीक्षा की मांग की गई है, जिसमें कोर्ट ने परीक्षा कराने को हरी झंडी दी है। याचिका में कहा गया है कि कोरोना महामारी को देखते हुए सितंबर में होने वाली जेईई और नीट परीक्षा को स्थगित कर दिया जाए।
Recommended Video

ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों से की थी सुप्रीम कोर्ट जाने की अपील
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने नीट और जेईई परीक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि नीट-जेईई का एग्जाम होना फिलहाल सुरक्षित नहीं है। अगर केंद्र सरकार इस पर नहीं सुनती है तो जेईई और नीट की परीक्षा को स्थगित करने के लिए हमें (राज्य सरकारें) संयुक्त रूप से सुप्रीम कोर्ट में अपील करनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई पत्र लिखे हैं और कहा है कि जब छात्र परेशान हैं तो ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपील कर रिव्यू की मांग कर सकती है। मैं सभी राज्य सरकारों से अपील करती हूं कि सुप्रीम कोर्ट में चलें और एग्जाम टालने की मांग करें। जिसके दो दिन बाद आज छह राज्य सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं।

अगले हफ्ते से है परीक्षा
जेईई परीक्षा 1 सितंबर से 6 सितंबर 2020 के बीच होनी है। वहीं एनईईटी की परीक्षा 13 सितंबर 2020 को आयोजित होगी। कोरोना महामारी फैली होने और परिवहन व्यवस्थाओं पर कई तरह की पाबंदियां होने के चलते देशभर से छात्र संगठन और विपक्षी दल परीक्षा को फिलहाल टाल देने की अपील कर रहे हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कई दूसरे दल इसको लेकर सड़कों पर हैं।

परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी का दावा
भारी विरोध के बीच परीक्षा आयोजित कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि वह पूरी सुरक्षा और सावधानी तथा एहतियात के साथ परीक्षा करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है। एनटीए ने बताया है कि कैसे इन अलग तरह की परिस्थितियों में परीक्षा हो, इसको लेकर उसने ब्लूपिरंट तैयार कर लिया है। एनटीए ने कहा है कि मास्क, दस्ताने, हैंड सैनिटाइजर, परीक्षा केंद्रों में सोशल डिस्टेंसिंग,अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती जैसी तैयारी की गई है। इसके लिए करीब 13 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च होंगे।












Click it and Unblock the Notifications