ओडिशा में दूषित पानी का कहर, उल्टी-दस्त से 6 की मौत, 71 भर्ती
भुवनेश्वर, 17 जुलाई: ओडिशा के रायगड़ा जिले में दूषित पानी ने कहर मचा दिया, जिसको पीने की वजह से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 71 लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अब इस मामले में राज्य सरकार ने स्वास्थ्य अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। शुरुआती जांच में डायरिया की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक रायगड़ा जिले के कई गांवों में खुले जल स्रोतों से दूषित पानी पीने की वजह से लोगों में दस्त और उल्टियां होने लगी, जिसकी वजह से छह लोगों ने दम तोड़ दिया। इधर, विपक्ष पटनायक सरकार पर हमलावर है। घटना को लेकर विधानसभा के अंदर भी विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से इस घटना पर बयान की मांग की है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों में काशीपुर प्रखंड के कई गांवों से लोगों की मौतों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद 11 डॉक्टरों की एक टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा किया और पानी और ब्लड के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे। अधिकारियों के मुताबिक पानी से होने वाली बीमारी पहले मलीगुड़ा गांव में और फिर बाद में दुदुकाबहल, टिकीरी, गोबरीघाटी, रौतघाटी और जलाखुरा गांवों में देखने को मिली। उन्होंने कहा कि डांगसिल, रेंगा, हाडीगुडा, मैकांच, संकरदा और कुचिपदार गांवों में कई अन्य लोग भी दस्त से पीड़ित हैं, जिनका घर पर इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक खुले जल स्रोतों से पानी पीने के बाद 71 लोगों में से 46 का इलाज टिकिरी पब्लिक हेल्थ सेंटर (पीएचसी) में चल रहा है, जबकि 14 काशीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 11 लड़कियों का थातीबार पीएचसी के एक आश्रम स्कूल में इलाज जारी है।












Click it and Unblock the Notifications