चीन से 6.5 लाख किट लेकर विशेष विमान भारत रवाना, अब कोरोना का टेस्ट करना होगा आसान
नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच इस वायरस से संक्रमित मरीजों की जांच और रोकथाम के लिए भारत चीन से टेस्टिंग किट ले रहा है। चीन ने 6.50 लाख किट्स (रैपिड एंटीबॉडी और आरएनए एक्स्ट्रैक्शन किट) गुरुवार को भारत के लिए रवाना कर दिया। चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिसरी ने इसकी जानकारी मीडिया को दी।

सरकार के सूत्रों के मुताबिक, रैपिड एंटिबॉडी टेस्टिंग किट्स (गुआंगझोउ से 3 लाख और झुहाई लिवज़ोन से 2.5 लाख) और आरएनए एक्सट्रैक्शन किट (एमजीआई शेन्ज़ेन से 1 लाख), कल देर रात को क्लीयर किए गए। सभी किट लेकर विमान चीन से भारत के लिए रवाना हो गए हैं।
रैपिड किट से टेस्टिंग के जरिए केवल 15 मिनट में किसी के संक्रमित होने के बारे में पता लगाया जा सकेगा और ये जांच ब्लड की बूंद से की जाती है। देश में अभी की जा रही जांच में गले या नाक से स्वाब लिया जाता है। रैपिड टेस्ट का नतीजा आने में 15 मिनट लगते हैं। अभी की प्रक्रिया में कोरोना टेस्ट का रिजल्ट आने में ज्यादा वक्त लग जा रहा है। भारत में चीन से किट की ये खेप 16 अप्रैल की सुबह पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर में 1 लाख 34 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की संख्या 20 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। भारत में संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 12,380 हो गई है। देशभर में वायरस से 414 लोगों की मौत हो गई है, जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1489 है। वहीं, कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया गया है। केंद्र और राज्य सरकारें कोरोना से निपटने के लिए कई कदम उठा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications