गोरखपुर के 6 पूर्व सपा प्रत्याशियों का पत्ता साफ ,एक की जगह खाली
सपा ने विधानसभा चुनाव 2017 के लिए अपनी लिस्ट जारी कर दी, लेकिन इस लिस्ट में गोरखपुर के 6 पूर्व प्रत्याशियों का टिकट काट दिया गया।
गोरखपुर । प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आज प्रदेश में उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट घोषित कर दिया। जिसमे पिछले विधानसभा चुनाव वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले 6 प्रत्याशियों का टिकट इस बार कट गया। अब इनके जगह पार्टी ने दूसरे उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है। हालाँकि नयी लिस्ट के अनुसार गोरखपुर के 9 विधानसभा क्षेत्र में 6 प्रत्याशियों का टिकट कटने से खलबली मच गई है। इसमें महज दो महिला प्रत्याशी हैं, जो अपनी साख बचाने में कामयाब हुई हैं। जबकि शहर की सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है।

बताते चलें कि पिछले चुनावों में पूरे जिले से केवल एक सीट जितने वाली समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से मोहम्मद आजम खान के खास जफर अमीन डक्कू को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन इस बार उनकी जगह भाजपा के विधायक रहे बागी सिटिंग एमएलए विजय बहादुर यादव को टिकट दिया गया है। वहीं सहजनवा से 2012 के चुनाव में संतोष कुमार यादव उर्फ सन्नी (वर्तमान एमएलसी)की जगह इस बार यशपाल रावत को टिकट दिया गया है। पूर्व में समाजवादी पार्टी ने मनोज यादव को प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन अंततः यशपाल रावत के नाम पर मुहर लगा दी। खजनी से वर्ष 2012 के चुनाव में दशरथ चौहान ने चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार जोखू पासवान के नाम की चर्चा चल रही थी।
इसी बीच रूपावती पासवान को टिकट देकर सपा शीर्ष नेतृत्व में सारी अटकलों पर विराम लगा दिया। चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से पिछली बार सीपी चंद (वर्तमान एमएलसी)चुनाव लड़े थे । लेकिन, इस बार राजेंद्र सिंह पहलवान को टिकट दिया गया है। बांसगांव से कई बार से पूर्व विधायक शारदा देवी चुनाव लड़ रही थीं। लेकिन, इस बार सपा ने सुमन पासवान पर दांव लगाया है। सुमन वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य और लोकगायिका भी हैं। चौरीचौरा से समाजवादी पार्टी ने पिछली बार सपा के दर्जा प्राप्त मंत्री रहे केसी पांडे के बेटे अनूप पांडे को 2012 में चुनाव लड़ाया था, लेकिन इस बार उनका भी टिकट कट गया है। अनूप पांडे की जगह पहले सपा ने ब्लॉक प्रमुख केशव यादव को टिकट दिया और चन्द माह में ही उनका पत्ता साफ कर दुर्गेश यादव को चुनाव मैदान में उतारा है।
अब बात करें पूर्व के बचे प्रत्याशियों की तो इसमें पिपराइच की विधायक राजमती निषाद और कैंपियरगंज से प्रत्याशी रहीं चिंता यादव अपना टिकट बचाने में कामयाब रही हैं।जबकि समाजवादी पार्टी ने अभी गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। पिछली बार गोरखपुर शहर से राजकुमारी देवी चुनाव मैदान में उतरी थीं। अबकी बार अभी तक नगर निगम पार्षद संजय सिंह का नाम चर्चाओं में था, किन्तु लिस्ट में उनकी जगह खाली देख आशंका जताई जा रही है कि फिर से राजकुमारी देवी को ही शहर की सीट ऑफर होगी।












Click it and Unblock the Notifications