बागपत में बैंक के बाहर लोगों पर पुलिस ने बरसाईं लाठी, 5 गंभीर
पीएनबी के बाहर रुपए निकालने के लिए लोगों की लाइन लगी हुई थी। इसी दौरान किसी बात पर को लेकर पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया।
बागपत। 500 और 1000 के पुराने नोट बंद होने के बाद बैंको में अपने खाते से नई करेंसी के नोट निकालने के लिए लाइन में लगे लोगों को पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ रही हैं।

यूपी के बागपत में पंजाब नेशनल बैंक की सिंघवाली ब्रांच के बाहर लाइन में लगे लोगों पर पुलिस के लाठीचार्ज की खबर है। इस लाठीचार्ज में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पीएनबी के बाहर रुपए निकालने के लिए लोगों की लाइन लगी हुई थी।
इसी दौरान किसी बात पर को लेकर पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया।
इससे पहले मंगलवार को ही यूपी के फतेहपुर में बैंक के बाहर नोट बदलवाने के लिए लाइन में खड़े लोगों पर एक पुलिसकर्मी के जमकर लाठियां बरसाने की खबर आई थी। बैंक के बाहर पुलिसकर्मी को व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया था।
भारतीय स्टेट बैंक की किसनपुर ब्रांच के बाहर नोट बदलने के लिए लंबी लाइन लगी थी। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैंकों के बाहर पुलिस की तैनाती की गई थी, लेकिन यहां पुलिसकर्मी ने वर्दी के रौब में हदें पार कर दीं।
पुलिसवाले ने बैंक में अंदर जा रहे लोगों पर खूब लाठी भांजी। इसने लोगों को इस तरह पीटा कि उसकी लाठी टूट गई। इसके बाद वह लाइन पर पीछे खड़े बुजुर्ग और एक युवक से भी भिड़ गया।
पुलिसवाले ने पहले बुजुर्ग को धक्का दिया और फिर युवक पर एक साथ कई लाठियां बरसा दीं। युवक ने बचाव की कोशिश की लेकिन पुलिसवाले ने अपने रौब के आगे उसकी एक नहीं सुनी और पीट-पीटकर भगा दिया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।












Click it and Unblock the Notifications