दिल्ली में कोरोना वायरस के 3 मरीज आए सामने, इनके संपर्क में आए कुल 337 लोग: अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा भारत में लगातार बढ़ रहा है। देश की राजधानी में भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमण के तीन मामले सामने आ चुके हैं, जिनके टेस्ट पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि एक संदिग्ध कोरोना वायरस का मरीज सामने आया है। पहला मरीज 105 लोगों के संपर्क में आया है, जबकि दूसरा मरीज 168 लोगों के संपर्क में आया है और तीसरा मरीज 64 लोगों के संपर्क में आया है। इन सभी लोगों को अलग रखा गया है और इनपर निगरानी रखी जा रही है। इन लोगों के सैंपल ले लिए गए हैं।
Recommended Video

देशभर में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या हुई 39
बता दें कि आज कोरोना वायरस संक्रमण के 5 मामले सामने आ चुके हैं ,जिसके बाद देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 39 पहुंच चुकी है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के 5 नए मामले आए हैं। पांचों मरीजों का सैंपल टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। उन्हें पथानामथिट्टा के अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक पांचों लोग एक ही परिवार के हैं और हाल ही में इटली से वापस आए हैं। केरल के स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने एयरपोर्ट पर अपनी यात्रा का विवरण नहीं दिया था जिसकी वजह से इनकी जांच नहीं हो पाई। जिन पांच लोगों की जांच रिपोर्ट आई है उनमें एक बच्चा भी है।
लगातार बढ़ रहे मरीज
इससे पहले शनिवार को देश में कोरोना वायारस के तीन मामले सामने आए थे, जिसके बाद ये संख्या बढ़कर 34 हो गई थी। ओमान से लौटा तमिलनाडु का एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। इसके अलावा ईरान से लौटे लद्दाख के दो लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। इस तरह से बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 8 नए मामले सामने आ चुके हैं।
तीन मामले पाए गए थे
गौरतलब है कि इससे पहले केरल से तीन केस सामने आए थे, जो ठीक हो चुके हैं। लेकिन अब 5 और नए मरीजों के सैंपल पॉजिटिव पाए हैं। इसके बाद दिल्ली में एक केस आया, जिसकी वजह से उसके 6 जान-पहचान के लोग भी चपेट में आ गए। वहीं इटली से आए कुल 18 लोग भी कोरोना वायरस से ग्रस्त पाए गए, जिनमें से एक भारतीय और 17 इटली के नागरिक हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, गाजियाबाद, तेलंगाना, तमिलनाडु से एक-एक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज की पहचन की गई है। वहीं लद्दाख के दो लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं अब तक देश में कोरोना वायरस के आए 39 पॉजिटिव मामलों में से तीन का इलाज हो चुका है। ऐसे में अब कोरोना वायरस के 36 मरीजों का इलाज जारी है।












Click it and Unblock the Notifications