3 लोकसभा और 8 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव टले, कोरोना के चलते आयोग ने लिया फैसला
नई दिल्ली, मई 5: कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। इस बीच पिछले महीने चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव करवाए, जिसके नतीजे 2 मई को आ गए। कोरोना महामारी के बीच हुए इन चुनावों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा, क्योंकि बंगाल, असम, तमिलनाडु में मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं आयोग को अब लोकसभा और कई राज्यों की विधानसभा में खाली हुई सीटों पर उपचुनाव करवाने थे, लेकिन महामारी को देखते हुए इसे टालने का फैसला लिया गया है। हालात सामान्य होने के बाद आयोग फिर से इस पर विचार करेगा।

जानकारी के मुताबिक 3 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव करवाए जाने हैं। जिसमें मध्य प्रदेश की खंडवा सीट बीजेपी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के बाद से खाली हुई थी। वहीं मार्च में हिमाचल के मंडी लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा ने सुसाइड कर लिया था, जिस वजह से वो सीट भी खाली पड़ी है। इससे पहले फरवरी में दादर और नागर हवेली के सांसद मोहन डेलकर की मौत हो गई थी।
चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग राज्यों में 8 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव करवाए जाने थे, जिनको टाल दिया गया है। हाल ही में बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान दो प्रत्याशियों का निधन हो गया था, जिस वजह से वहां पर चुनावी प्रक्रिया संपन्न नहीं हो पाई। उसी दौरान आयोग ने 16 मई को वोटिंग करवाने का फैसला लिया था, लेकिन अब कोविड की वजह से वो संभव नहीं है। ऐसे में उन दोनों सीटों पर भी बाद में ही चुनाव होंगे।
पिछले महीने 14 सीटों पर हुए उपचुनाव
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के साथ चुनाव आयोग ने 14 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया था। जिसमें आंध्र प्रदेश और कर्नाटक की दो लोकसभा सीटें शामिल थीं। इसके अलावा बाकी की 12 सीटें 10 अलग-अलग राज्यों में थीं। जिन पर 17 अप्रैल को वोटिंग हुई और 2 मई को नतीजे आए।












Click it and Unblock the Notifications