कांग्रेस के तीन मुख्यमंत्री आज G20 के रात्रिभोज से बना सकते हैं दूरी! खड़गे को ना बुलाने से हैं नाराज
G20 Summit Dinner: कांग्रेस पार्टी प्रमुख और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को राष्ट्रपति द्वारा आयोजित जी20 रात्रिभोज के लिए आमंत्रित नहीं किए जाने से कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है। रिपोर्ट के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर के लिए आमंत्रित नहीं किए जाने के बाद कांग्रेस के कम से कम तीन मुख्यमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 9 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित होने वाले जी20 रात्रिभोज को छोड़ सकते हैं।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot), कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने जी20 रात्रिभोज में शामिल नहीं होने का फैसला किया है।

इसके अलावा कहा जा रहा है कि अशोक गहलोत अभी भी अपने टूटे हुए पैर की उंगलियों से परेशान हैं। डॉक्टरों ने उनके यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। भूपेश बघेल ने भी कहा है कि उनकी तबियत इतनी ठीक नहीं है कि वह दिल्ली आ सकें। सिद्धारमैया ने भी ऐसे ही कारण बताए हैं। हालांकि सूत्रों के मुताबिक ये तीनों नेता खड़गे को ना बुलाने से खफा हैं।
हालांकि कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि लेकिन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ( Sukhwinder Singh Sukhu) रात्रिभोज में शामिल होने के लिए शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। कांग्रेस के एक शीर्ष नेताओं ने कहा कि जी20 रात्रिभोज में शामिल होने का फैसला पार्टी ने "मुख्यमंत्रियों पर छोड़ दिया है"।
बता दें कि 9 सितंबर की रात जी20 समिट में आए वैश्विक नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया गया है। इस डिनर पार्टी में लगभग 500 लोगों को बुलाया गया है।
ये विपक्षी नेता भी नहीं होंगे शामिल
रिपोर्ट के मुताबिक जी-20 रात्रिभोज में विपक्षी नेताओं की कम उपस्थिति होने की उम्मीद है। विपक्ष शासित 12 राज्यों में से कम से कम छह राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अलग-अलग कारणों से इस कार्यक्रम में शामिल न होने की संभावना है। दो पूर्व प्रधानमंत्रियों मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा भी खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए रात्रिभोज में शामिल नहीं होने वाले हैं।
कांग्रेस के तीन सीएम के अलावा बीआरएस नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने कोई कारण नहीं बताया है लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों का दावा है कि वह रात्रिभोज में शामिल नहीं होंगे। वहीं आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी इस समय लंदन में हैं और उनके 12 सितंबर को ही लौटने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications