गुजरात में आदिवासी मजदूरों को मिले 'अंग्रेजों के जमाने के' 240 सोने के सिक्के, 239 पुलिस ले उड़ी!
कथित तौर पर सोने के सिक्के चुराने के आरोपों में एक इंसपेक्टर समेत चार पुलिस वालों को मध्य प्रदेश के अलीराजपुर से पकड़ा गया है। इन चारों पुलिस वालों पर आरोप है कि उन्होंने अंग्रेजों के जमाने के वे सोने के सिक्के चुराए हैं, जो कुछ आदिवासी मजदूरों को गुजरात की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर मिले थे।
आरोपों के मुताबिक पुलिस वालों ने उन 240 सोने के सिक्कों में से 239 पर हाथ साफ कर लिया है, जो आदिवासी मजदूरों को कंस्ट्रक्शन के लिए खुदाई के दौरान मिले थे। मजदूर के मुताबिक वे पुलिस वालों से किसी तरह एक सिक्का बचाने में कामयाब रहे।

पुलिस वालों के पास से सोने की सिक्के की तलाश
आदिवासी मजदूरों के पास से जो सोने का सिक्का मिला है, उसे जांच के लिए इंदौर स्थित पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को भेजा गया है। बाकी सोने के सिक्के कहां छिपाए गए हैं, इसके बारे में पुलिस वालों ने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है। माना जा रहा है कि सोने के सिक्कों से भरा एक बैग, जिसकी कीमत करोड़ों में हो सकती है, उसे कहीं दबा कर रख दिया गया है।
गुजरात की सीमा पर ही आदिवासी मजदूरों का गांव
जानकारी के मुताबिक रमकु भयड़िया और उसकी बहू गुजरात में एक कंस्ट्र्क्शन साइट पर काम कर रही थी। तभी उन्हें सोने के सिक्के हाथ लगे। सोना मिलते ही वे चुपचाप वहां से निकल गईं और मध्य प्रदेश में अपने गांव सोंडवा लौट गईं, जो गुजरात की सीमा के पास ही है।
सादे कपड़ों में आई पुलिस जबरन सोने के सिक्के ले गई- शिकायत
पुलिस के मुताबिक आदिवासी महिलाओं ने सोने के सिक्के अपने घर में गाड़ दिए थे। लेकिन, यह बात छिपी नहीं रही और गांव में इसकी खबर फैल गई। गांव वालों का कहना है कि चार पुलिस वाले सादे कपड़ों में आए और जबरन रमकु के घर में घुस गए। उन्होंने घर में खुदाई करके सोने के सिक्के निकाल लिए और अपने साथ लेकर चले गए।
चारों पुलिस वाले हुए सस्पेंड
बाद में रमकु ने बताया कि पुलिस वाले 239 सिक्के ले गए और उन्होंने किसी तरह से एक सिक्के को उनसे बचा लिया। अगले दिन रमकु ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इस घटना की भनक लगी तो इसमें शामिल सभी चारों आरोपी पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया गया।
शनिवार को इन चारों पुलिस वालों को अलीराजपुर से गिरफ्तार किया गया है। कुछ रिपोर्ट के मुताबिक ये सिक्के 1922 के हैं और इनमें 90% तक शुद्धता है। (तस्वीरें- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications