गोधरा कांड: ट्रेन पर पथराव के दोषी शख्स को 17 साल बाद मिली जमानत
गोधरा कांड: 27 फरवरी 2002 की सुबह गोधरा ट्रेन जलाया गया था, गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर आग लगने से अयोध्या से लौट रहे 59 हिंदू तीर्थयात्रियों और कारसेवकों की मौत हो गई थी।

Godhra train carnage: सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गोधरा ट्रेन जलाने की घटना में पथराव के आरोप में सजा काट रहे एक दोषी को जमानत दे दी। गोधरा कांड में एक ट्रेन के अंदर 59 लोगों को जिंदा जला दिया गया था। मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा की पीठ ने दोषी फारुक की ओर से पेश वकील की दलील पर ध्यान देते हुए उसे इस आधार पर जमानत दे दी कि वह 17 साल जेल में बिता चुका है।
दोषी व्यक्ति ने गुजरात हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए विशेष अवकाश याचिकाओं के एक बैच में जमानत याचिका दायर की थी, जिसमें गुजरात दंगों के मामले में कई अभियुक्तों की सजा को बरकरार रखा गया था। गुजरात सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने गोधरा ट्रेन आगजनी की घटना के बारे में अदालत को अवगत कराते हुए कहा कि आवेदक ने न केवल लोगों को ट्रेन से बाहर आने से रोका बल्कि उसने भीड़ को उकसाया, डिब्बों और दमकल वाहनों पर पथराव किया और यात्रियों को घायल भी किया।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में पथराव गंभीर अपराध नहीं हो सकता है, लेकिन वो मामला बिल्कुल अलग था। जब कोर्ट मामले को स्थगित करने पर विचार कर रही थी, आवेदक दोषी के वकील ने कोर्ट से उसे जमानत पर रिहा करने की गुजारिश की है। दोषी के वकील ने कहा, वह लगभग 17 साल से जेल में बंद है और उसके खिलाफ एकमात्र आरोप ट्रेन पर पथराव करना था। पीठ ने कहा कि एक अन्य आरोपी को भी उसकी पत्नी की बीमारी के आधार पर जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
सीजेआई ने मौखिक रूप से टिप्पणी की, "वह लगभग जेल में 17 साल गुजार चुका है, ऐसा उसका वकील कह रहे हैं। 17 साल, काफी वक्त होता है, अब मुझे लगता है कि हम उसे जमानत पर रिहा कर सकते हैं।" सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत से मामले के तथ्यों और कथित भूमिका के आधार पर जमानत देने का अनुरोध किया, न कि '17 साल' के आधार पर, क्योंकि अन्य लोग उस आधार पर समानता की मांग कर सकते हैं।
सीजेआई ने स्पष्ट किया कि अदालत केवल वकील की दलीलों को दर्ज कर रही है कि जमानत का दावा इस आधार पर किया जा रहा है कि आवेदक 17 साल से सलाखों के पीछे है। अदालत ने उस आधार पर जमानत नहीं दी, बल्कि केवल 'तथ्यों और परिस्थितियों और जिम्मेदार भूमिका' पर जमानत दी है।












Click it and Unblock the Notifications