तीन महिला मित्रों के साथ BMW चला रहे शख्स ने पैदल यात्री को कुचला
नई दिल्ली। रफ्तार के कहर ने एक शख्स की जान ले ली। मामला महाराष्ट्र का है जहां के बांगुर नगर पुलिस ने 20 साल के एक शख्स को हिट एंड रन केस में गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शख्स बीएमडब्ल्यू कार चला रहा था जब उसने पैदल चल रहे एक शख्स को कुचल दिया। आरोपी की पहचान सिद्धार्थ राज कुमार के तौर पर हुई है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मुंबई मिरर की खबर के मुताबिक घटना सोमवार शाम 5 बजे की है जब आरोपी अपनी लग्जरी कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने एक पैदल यात्री पर अपनी कार चढ़ा दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सिद्धार्थ रविवार रात अपने दोस्त के घर पार्टी में गया था। जहां से वह अपनी तीन महिला दोस्तों के साथ लौट रहा था। घटना के वक्त सिद्धार्थ के साथ उसकी तीनों महिला दोस्त कार में ही मौजूद थी।
घटना के बाद आरोपी कार लेकर भागना चाहता था लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और जबरन गाड़ी से बाहर निकाला। पुलिस के हवाले करने से पहले वहां मौजूद लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई भी की।
फिलहाल पुलिस ने सिद्धार्थ राज कुमार के खिलाफ तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया है।
वकील ने किया अपने मुवक्किल का बचाव
सिद्धार्थ राज कुमार के वकील मुकेश पांडेय ने बताया कि मेरा मुवक्किल नशे की हालत में नहीं था और इस घटना में उसकी कोई गलती भी नहीं है। मरने वाले शख्स ही डिवाइडर पार करके अचानक मेरे मुवक्किल की कार के सामने आ गया।
सिद्धार्थ का बचाव करते हुए वकील मुकेश पांडेय ने आगे कहा कि घटना के बाद मेरा मुवक्किल वहां मौजूद लोगों की भीड़ देखकर डर गया। उनके डर से ही उसने भागने की कोशिश की।
बांगुरनगर थाने के सीनियर इंस्पेक्टर संतोष भंडारी ने बताया कि हमें आरोपी के ब्लड रिपोर्ट का इंतजार है। जिससे साफ हो जाएगा कि कार चलाते वक्त वह नशे में था या नहीं। फिलहाल तफ्तीश जारी है। पुलिस आरोपी के ड्राइविंग लाइसेंस की पड़ताल में भी जुटी है जिससे साफ हो कि उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस है। वहीं मृतक शख्स की पहचान भी अब तक नहीं हुई है।


Click it and Unblock the Notifications
