मणिपुर में बिहार के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
मणिपुर के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां एक बार फिर से ताजा हिंसा का मामला सामने आया है। उपद्रवियों ने यहां दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी है। दोनों ही मजदूर बिहार के रहने वाले थे। यह घटना काकचिंग जिले में हुई। हालांकि अभी तक दोनों प्रवासी मजदूरों की हत्या करने वाले हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम तकरीबन 5.20 बजे दोनों मजदूर जब काकचिंग जिले के केइराक में निर्माण कार्य स्थल से काम करके लौट रहे थे, इसी दौरान उनपर हमला हुआ। मृतकों की पहचान सुनालाल कुमार और दशरथ कुमार के तौर पर हुई है। दोनों की उम्र 18-17 वर्ष की थी। ये लोग गोपालगंज जिले के राजवाही गांव के रहने वाले थे।

काकचिंग पुलिस के अनुसार दोनों मजदूर साइकिल से वापस लौट रहे थे। ये लोग किराए के घर पर रहते हैं और वहीं वापस जा रहे थे। इस दौरान बंदूकधारियों ने उनपर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करके हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक इस बात का पता नहीं चल पाया है कि दोनों मजदूरों पर किस मकसद से हमला किया गया। गौर करने वाली बात है कि पिछले 19 महीनों से मणिपुर में हिंसा जारी है। यहां अभी तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। हजारों परिवारों को अपना घर छोड़ शेल्टर होम में रहना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications