10 विमानों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, एयर इंडिया के विमान का रूट डायवर्ट
दिल्ली से शिकागो जा रहे एयर इंडिया के विमान सहित 10 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पिछले 48 घंटों में विमानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस धमकी के चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रिपोर्ट की मानें तो कई एयरपोर्ट पर काउंटर-टेररिस्ट ड्रिल्स की गई है।
जानकारी के अनुसार एक्स के जरिए 7 धमकियां दी गई हैं। दरअसल मुंबई से तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बाद यह धमकी मिली है। इस धमकी के चलते बड़ी संख्या में यात्रियों और एयरलाइन क्रू की चिंता बढ़ गई। हालांकि सोमवार को बम से उड़ाने की जो धमकी दी गई थी, वह फर्जी निकली।

एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट IX765 जोकि जयपुर से बेंगलुरू जा रही थी उसे बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके साथ ही स्पाइस जेट विमान SG116 दरभंगा से मुंबई, अकासा एयर फ्लाइट QP1373 बागडोगरा से बेंगलुरू, एयर इंडिया फ्लाइट A127 दिल्ली से शिकागो, इंडिगो फ्लाइट 6E98 दमाम से लखनऊ, अलाइंस एयर फ्लाइट 9I650 अमृतसर से देहरादून, एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट IX684 मुंबई से सिंगापुर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद एयर इंडिया के विमान को डायवर्ट करके कनाडा के इकलेट एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX684 के लिए लड़ाकू विमानों की तैनाती की गई, दो लड़ाकू विमानों ने एयर इंडिया के विमान को सुरक्षा दी और उसे जांगी हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कराने में मदद की। सिंगापुर के रक्षा मंत्री एनजी इंग हेन ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने धमकियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की, भारतीय साइबर सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया।
इन प्रयासों के तहत संदिग्ध एक्स अकाउंट को तुरंत निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा, सोमवार को तीन उड़ानों को दी गई धमकियों के सिलसिले में, मुंबई पुलिस ने छत्तीसगढ़ से एक पिता और पुत्र को पूछताछ के लिए बुलाया।
स्पाइसजेट का विमान सुरक्षित मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड किया, जिसके बाद सुरक्षा को देखते हुए उसे अलग खड़ा किया गया। अकासा एयर के प्रवक्ता ने कहा कि विमान को सिक्योरिटी अलर्ट मिला था।
कैप्टन ने सभी जरूरी आपातकालीन प्रोटोकॉल का पालन किया और सुरक्षित केंपागोड़ा एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया और स्थानीय प्रशासन ने विमान की सुरक्षा जांच की, जिसके बाद विमान को फिर से उड़ान के लिए छोड़ दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications