India COVID-19 Update:जानिए महाराष्ट्र, दिल्ली समेत कोरोना पर 5 बड़े राज्यों की मौजूदा स्थिति
India COVID-19 Update:जानिए महाराष्ट्र, दिल्ली समेत कोरोना पर 5 बड़े राज्यों की मौजूदा स्थिति
नई दिल्ली, 17 अप्रैल: भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर में पिछले कुछ दिनों से 2 लाख से अधिक संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार (17 अप्रैल) के मुताबिक देश में कोरोना के अब तक सबसे अधिक 2,34,692 नए मामले सामने आए हैं। वहीं बीते 24 घंटे में 1,341 लोगों की मौत हुई है, इसी के साथ देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,75,649 हो गई है। देश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 16,79,740 हो गई है। भारत में कोरोना के सबसे ज्यादा रोजाना 79.10 प्रतिशत मामले इन 10 राज्यों से आ रहे हैं। ये 10 राज्य हैं, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल। आइए इन 10 राज्यों में से आपको 5 ऐसे राज्यों की कोरोना रिपोर्ट बताते है, जहां संक्रमण से सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं।

1. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की ताजा स्थिति
भारत में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में कोरोना के नए मरीज और मौतें सबसे ज्यादा हो रही हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 63,729 नए मामले सामने आए हैं और 398 लोगों की मौतें हुई हैं। ये आंकड़े महामारी की शुरुआत के बाद से सर्वाधिक हैं। बीते 24 घंटे में राज्य में 45,335 मरीज रिकवर हुए हैं। राज्य में एक्टिव केसों की संख्या 6,38,034 है। वहीं कुल डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या 30,04,391 है। राज्य में कोरोना वायरस से अब-तक 59,551 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित मुंबई, पुणे, नागपुर शहर है।
महाराष्ट्र में कोरोना से बचाव के लिए नाइट कर्फ्यू लागू है। इसके अलावा शनिवार और रविवार को वीकेंड लॉकडाउन लगाया है। नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक होता है। मीडिया से बात करते हुए शुक्रवार (16 अप्रैल) को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा है कि अगर लोग वर्तमान में लगाए गए कोविड-19 प्रतिबंधों का पालन नहीं करेंगे तो पिछले साल की तरह लॉकडाउन लगाना पड़ सकता है।
Recommended Video

2. दिल्ली में कोरोना वायरस की ताजा स्थिति
देश की राजधानी दिल्ली भी कोरोना मामले में भारत के टॉप-5 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में शामिल है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 19,486 नए मामले दर्ज किए गए हैं और 141 मौतें हुई हैं। बीते 24 घंटे में 12,649 रिकवरी दर्ज की गई है। दिल्ली में कुल कोरोना मामले 8,03,623 हो गए हैं और एक्टिव मामलों की संख्या 61,005 है। वहीं कुल रिकवरी (डिस्चार्ज) केसों की संख्या 7,30,825 हो गई है। राजधानी दिल्ली में 11,793 लोगों की अब तक संक्रमण से मौत हुई है।
महाराष्ट्र की तरह दिल्ली में भी केजरीवाल सरकार ने वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया है। यानी शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लागू रहेगा। इसके अलावा दिल्ली में नाइट कर्फ्यू भी लागू है। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक हर रोज नाइट कर्फ्यू लागू होता है।
Delhi CM Arvind Kejriwal to hold a review meeting on the COVID19 situation today. Nodal Minister for COVID19 management Manish Sisodia, Health Minister Satyendar Jain and other officials to take part in the meeting
(file pic) pic.twitter.com/RMRC4NzyUq— ANI (@ANI) April 17, 2021

3. उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस की ताजा स्थिति
उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 27,426 नए मामले सामने आए हैं और 103 लोगों की मौत हुई है। वहीं पिछले 24 घंटों में 6,429 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। राज्य में कुल कोरोना मामले 7,93,720 हैं। एक्टिव केसों की संख्या 1,50,676 है। राज्य में कोरोना से अब तक 9,583 लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में कुल डिस्चार्ज हुए लोगों की संख्या 6,33,461 है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार (16 अप्रैल) को आदेश जारी किया है कि अब पूरे राज्य में हर रविवार को लॉकडाउन लागू रहेगा। वहीं आदेश में ये भी कहा गया है कि मास्क नहीं पहनने पर पहली बार में एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि अगर किसी को पहली बार बिना मास्क के पकड़ा गया तो उससे 1 हजार का जुर्माना लिया जाएगा। लेकिन वही व्यक्ति दूसरी बार बिना मास्क के पकड़ा जाए तो दस गुना अधिक जुर्माना लगाया जाएगा।

4. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस की ताजा स्थिति
मध्य प्रदेश में भी कोरोना वायरस को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य के इंदौर, भोपाल जैसे शहरों में हालात खराब हैं। मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 11,045 नए कोरोना मामले सामने आए हैं और 60 लोगों की मौत हुई है। राज्य में एक दिन 7,496 लोग रिकवर हुए हैं। मध्य प्रदेश में कुल कोरोना मामलों की संख्या 3,84,563 है। एक्टिव केसों की संख्या 59,183 है। कुल डिस्चार्ज (रिकवरी) हुए लोगों की संख्या 3,20,955 है। राज्य में कोरोना से अब तक 4,425 लोगों की मौतें हुई हैं।
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने बताया है कि राज्य के समस्त नगरीय क्षेत्रों में 8 अप्रैल से अगले आदेश तक रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। इसके अलावा प्रदेश के समस्त जिलों के नगरीय क्षेत्रों में आगामी आदेश तक हर रविवार को लॉकडाउन रहेगा।

5. गुजरात में कोरोना वायरस की ताजा स्थिति
गुजरात में भी कोरोना के मामले अचानक तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे में 8,920 कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं और 94 लोगों की मौत हुई है। वहीं 3,387 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। गुजरात में कोरोना के कुल मामले 3,84,688 है। कोरोना महामारी से अब-तक 5,170 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केसों की संख्या 49,737 है। वहीं रिकवरी हुए लोगों की संख्या 3,29,781 है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुजरात सरकार ने राज्य के 20 शहरों में नाइट कर्फ्यू लागू किया है। 20 चिह्नित शहरों में रात 8 बजे सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू पिछले हफ्ते से लागू है। बड़े समारोहों को 30 अप्रैल तक राज्य में नहीं करने की अनुमति दी गई है। सरकारी दफ्तर भी 30 अप्रैल तक शनिवार के दिन बंद रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications