दिल्ली में कोरोना के 1607 नए मामले, पॉजिटिविटी रेट पहुंचा 5.28 प्रतिशत
नई दिल्ली, 30 अप्रैल: देश में कोरोना के केस तो कम हो गए हैं, लेकिन राजधानी दिल्ली में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से वहां पर तेजी से रोजाना के केस में बढ़ोतरी हो रही। शनिवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी में 29 अप्रैल को 1607 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 5609 हो गई। सबसे ज्यादा टेंशन पॉजिटिविटी रेट बढ़ा रहा है, जो बीते दिन 5.28 प्रतिशत रहा। हालांकि सरकार का दावा है कि वो संक्रमण रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है।

Recommended Video
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राजधानी में कुल 30459 टेस्ट किए गए थे, जिसमें से 1607 मरीज पॉजिटिव मिले। इस वजह से पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत के पार पहुंच गया है। इसके अलावा 2 मरीजों ने शुक्रवार को जान गंवाई, जबकि 1246 मरीजों ने इस वायरस को मात दी। विभाग ने कहा कि वो लगातार बढ़ते केसों की निगरानी कर रहे हैं, अगर किसी मरीज में लक्षण दिखते हैं तो 1031 पर कॉल करके सूचना दें, उसकी पूरी मदद की जाएगी।
वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं की बात करें तो डेडिकेटेड कोविड अस्पतालों में कुल 9581 बेड मौजूद हैं, जिसमें से अभी सिर्फ 148 पर ही मरीज हैं, जबकि 9433 खाली हैं। इसके अलावा डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में 825 बेड हैं, जो 100 प्रतिशत खाली है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अभी कोरोना के 148 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जिसमें से 9 संदिग्ध हैं, जबकि 139 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। वहीं 45 मरीज आईसीयू और 42 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।
क्या हैं देश के हालात?
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3688 नए मरीज सामने आए। इस अवधि में 2755 लोग डिस्चार्ज हुए और 50 ने अपनी जान गंवाई। वहीं कोरोना के सक्रिय मामलों की बात करें तो ये 19 हजार 684 हो गई है। हालांकि देश में तेजी से टीकाकरण अभियान जारी है, जिसके तहत 1,88,89,90,935 डोज लोगों को दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications