राहत भरी खबर: दिल्ली में पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय के साथ काम करने वाले 16 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2000 के पार पहुंच गया है, जबकि 45 लोग इस महामारी से अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं कोरोना संकट के बीच एक राहत भरी खबर है, जहां पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय के संपर्क में आने वाले 16 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली, हालांकि अभी भी कई लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। दूसरी ओर फूड इंस्पेक्टर के परिवार के लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।

देश की राजधानी दिल्ली कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है। पिछले हफ्ते राजधानी के मालवीय नगर इलाके में एक मशहूर पिज्जा चेन का डिलीवरी ब्वॉय कोरोना वायरस से संक्रमित मिला था। पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय के कोरोना वायरस से संक्रमित मिलने के बाद डीएम ने इलाके के 72 परिवारों को सेल्फ क्वारंटाइन में रहने के लिए निर्देश दिए थे। इसके अलावा पिज्जा आउटलेट के 16 कर्मचारियों को भी क्वारंटाइन में रखा गया था। अब इन 16 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिन घरों में इस डिलीवरी ब्वॉय ने पिज्जा पहुंचाया था, उन घरों की मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली के हरि नगर में फूड इंस्पेक्टर के पिता की कोरोना की वजह से मौत हो गई थी। जिसके बाद उनके परिवार के छह लोगों की जांच की गई, जिनकी रिपोर्ट अब निगेटिव आई है।

यह भी पढ़ें: Coronavirus: अब हाथियों में दिखे कोरोना वायरस के लक्षण, दो को किया गया क्वारंटाइन
रैपिड टेस्ट हुए शुरू
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया कि सोमवार सुबह तक दिल्ली में कुल 2003 कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। जिसमें से 110 केस रविवार को मिले थे। वहीं दिल्ली में अब तक 45 लोगों की जान कोरोना की वजह से गई है, जिनमें से 38 मरीज ऐसे थे जो पहले से किसी बीमारी से ग्रसित थे। वहीं दिल्ली के हॉटस्पॉट वाले इलाकों में रैपिड टेस्ट सोमवार से शुरू हो गया है। साथ ही रेड जोन वाले इलाके में सख्ती बरती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications