कुपोषण से मुक्ति के लिए ओडिशा सरकार का बड़ा कदम, खुलेंगे 1567 आंगनवाड़ी केंद्र
भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने बाल कुपोषण समस्या से जूझ रहे क्षेत्रों में 1567 नए आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है। शनिवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान बीजद नेता प्रदीप कुमार अमात के सवाल पर महिला एवं बाल विकास मंत्री तुकुनी साहू ने कहा कि नए केंद्रों की स्थापना आदिवासी बहुल्य जिलों में की जाएगी, जो बाल कुपोषण के मामले में सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने संबंधित जिला प्रशासन को अपने क्षेत्रों में नए आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित करने का आदेश जारी कर दिया है। इन केंद्रों की स्थापना के लिए मनरेगा के तहत 5 लाख रुपये और राज्य के खजाने से 2 लाख रुपये सहित कुल 7 लाख रुपये का अनुदान दिया गया। साहू ने कहा कि शहरी केंद्रों में कलेक्टरों को इन केंद्रों को स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले 26 फरवरी को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पांच ऑनलाइन सेवाओं की शुरुआत की थी, जिनका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और बेहतर चाइल्डकेयर सुविधाएं प्रदान करना था। इन ऑनलाइन सुविधाओं में 'Mo Chhatua', 'Take Home Ration', 'e-Kalika' ऐप शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक 'Mo Sishu' पोर्टल एक तरह का मैनेजमेंट और मॉनिटरिंग सिस्टम है। इसके जरिए बच्चों से जुड़ी सुविधाओं पर नजर रखी जाएगी। वहीं 'MAMATA' ऐप और MIS नकदी ट्रांसफर के लाभ के लिए है।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 1, 34,758 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों को मानदेय के कागज रहित हस्तांतरण के लिए ई-मानदेय पोर्टल भी लॉन्च किया था। सभी पांचों सेवाएं बाल विकास और मिशन शक्ति विभाग के अधीन हैं।












Click it and Unblock the Notifications