कोरोना वायरस की जांच में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, 24 घंटे में हुए 1.42 लाख से ज्यादा टेस्ट
नई दिल्ली: लॉकडाउन में ढील के बाद से भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पहले की तुलना में अब रोजाना करीब 10 हजार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना से लड़ने की तैयारी भी पूरी कर ली है। मौजूदा वक्त में टेस्ट की संख्या बढ़ाने पर पूरा फोकस किया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि अब एक दिन में 1.42 लाख से ज्यादा सैंपल की टेस्टिंग हो रही है।

दरअसल मार्च-अप्रैल में भारत में टेस्टिंग की संख्या बहुत कम थी। उस दौरान मुश्किल से 30 से 40 हजार टेस्ट प्रतिदिन हो पाते थे। WHO ने भी कई बार भारत को टेस्टिंग की संख्या बढ़ाने की हिदायत दी थी। WHO के मुताबिक लॉकडाउन से कोरोना के प्रसार को कम कर सकते हैं, लेकिन खत्म नहीं। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग जरूरी है। जिसके बाद अब भारत में टेस्टिंग की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। ICMR के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1,42,069 सैंपल की जांच की गई है। इसमें प्राइवेट लैब्स के आंकड़े भी शामिल हैं। जिस वजह से अब देश में कुल जांच की संख्या 46,66,386 हो गई है।
टेस्ट की वजह से बढ़े मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 9,971 मामले सामने आए हैं। इस दौरान देश में 287 मरीजों की मौत भी हुई है। फिलहाल देश में अब कोरोना के कुल 2,46,628 मामले हैं, जिनमें से 1,20,406 एक्टिव केस हैं। वहीं 1,19,293 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा भी बढ़कर 6,929 तक जा पहुंचा है। भारत विश्व का पांचवां सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है। विशेषज्ञों की मानें तो मौजूदा वक्त में देश में टेस्टिंग काफी ज्यादा बढ़ गई है। जिस वजह से मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications