अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 14 छात्रों पर देशद्रोह का मामला दर्ज
नई दिल्ली। बुधवार को जिस तरह से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन हुआ उसके बाद संस्थान के 14 छात्रों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है। जिन छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है उसमे छात्रसंघ के अध्यक्ष भी शामिल हैं। बता दें कि संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में एआईएमआईएम के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी को आमंत्रित किया गया था। ओवैसी के इस कार्यक्रम का कुछ लोगों ने विरोध किया था। यही नहीं संस्थान के भीतर देश विरोधी नारे लगाए जाने की भी खबर सामने आई है जिसके बाद 14 छात्रों को देशद्रोह के आरोप में बुक किया गया है।

मंगलवार को संस्थान के कुछ छात्रों का टीवी न्यूज चैनल के सदस्यों के साथ विवाद हो गया था, जोकि संस्थान के भीतर ओवैसी के दौरे को कवर करने आए थे, लेकिन उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी गई और उनके साथ हाथापाई की खबर सामने आई थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्यों ने संस्थान के भीतर अलग से विरोध प्रदर्शन किया था, इन छात्रों ने संस्थान में ओवैसी के दौरे का विरोध करे हुए मांग की कि ओवैसी के संस्थान में आने पर पाबंदी लगनी चाहिए।
जिन छात्रों को देशद्रोह के मामले में बुक किया गया है उनके खिलाफ यह शिकायत भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक्टिविस्ट मुकेश लोधी ने की थी, उन्होंने आरोप लगाया था कि जब उन्होंने संस्थान के भीतर जब पाकिस्तान के समर्थन में नारे लग रहे थे तो इसका विरोध किया, जिसकी वजह से उनके साथ मारपीट की गई थी। जिन छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उसमे एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष सलमान इम्तियाज, सचिव हुजैफा आमिर, उपाध्यक्ष हमजा सुफियान और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सचिव नदीम अंसारी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications