भारतीय सेना ने कहा, 96 घंटे में मारे गए 13 पाकिस्तानी घुसपैठिए
भारतीय सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा के उस पार से कई समूहों में सशस्त्र घुसपैठियों को जम्मू-कश्मीर में दाखिल कराने की कोशिश में जुटा है।
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने बताया है कि पिछले 96 घंटे में 13 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया गया है। ये आतंकी भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे जब उन्हें मारा गया। जानकारी के मुताबिक ये घुसपैठिए कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के इरादे से आए थे, लेकिन एलओसी पर चलाए जा रहे ऑपरेशन में इन्हें मार गिराया गया।

घुसपैठियों के पास से मिले भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार
भारतीय सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा के उस पार से कई समूहों में सशस्त्र घुसपैठियों को जम्मू-कश्मीर में दाखिल कराने की कोशिश में जुटा है, उसकी मंशा यही है कि जम्मू-कश्मीर में हालात बिगाड़े जाएं, लेकिन उनकी ये कोशिश नाकाम कर दी गई है। आतंकियों और घुसपैठियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन जारी है। इसमें गुरेज, माछिल, नौगाम और उरी सेक्टर में पिछले 96 घंटे में 13 घुसपैठियों को मार गिराया गया है।
मारे गए घुसपैठियों में चार माछिल सेक्टर में और तीन घुसपैठिए नौगाम सेक्टर में मारे गए हैं। इनके पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। उरी सेक्टर में पांच सशस्त्र घुसपैठियों को मारा गया, गुरेज सेक्टर में एक घुसपैठिए को मार गिराया गया है। भारतीय सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इन घुसपैठियों के पास से विस्फोटक, ज्वलनशील सामग्री, हथियार और गोला बारुद बरामद हुआ है। इस कार्रवाई से एक बात साफ हो गई है कि पाकिस्तान रमजान के पवित्र महीने में भी सीमा पार से आतंकी वारदात को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications