'बाघ के आते ही लोमड़ियां भाग जाती हैं', बीजेपी ने साधा तेलंगाना सीएम KCR पर निशाना
'बाघ के आते ही लोमड़ियां भाग जाती हैं', BJP का KCR पर बड़ा हमला एयरपोर्ट नहीं पहुंचे KCR, BJP ने साधा तेलंगाना CM पर निशाना
हैदराबाद, 02 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए हैदराबाद पहुंचे हैं। ऐसे में एक बार फिर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव उनको रिसीव करने एयरपोर्ट नहीं पहुंचे। केसीआर के ओर से तीसरी बार ऐसा किया गया है। ऐसे में अब बीजेपी ने टीआरएस चीफ और सीएम केसीआर पर निशाना साधा है। बीजेपी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सीएम, पीएम दोनों की संस्था का अपमान किया है।

बीजेपी ने शनिवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर हैदराबाद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की अगवानी नहीं करने को लेकर निशाना साधा और उन पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों की संस्था का अपमान करने का आरोप लगाया। दरअसल, दो दिवसीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी शनिवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे थे।
"केसीआर पीएम का सामना करने से डरते हैं।'
केसीआर पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सहकारी संघवाद हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। जानबूझकर प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए तेलंगाना के मुख्यमत्री ने सीएम और पीएम दोनों की संस्था का अपमान किया है। सीएम केसीआर छुप सकते हैं, लेकिन उनकी भ्रष्ट राजनीति छिपी नहीं रहेगी। इधर, बीजेपी एमएलसी एन रामचंदर राव ने कहा, 'अगर पीएम या राष्ट्रपति एयरपोर्ट पर पहुंचते हैं, तो उस राज्य के सीएम उन्हें रिसीव करें, यह एक प्रोटोकॉल है। इस परंपरा को तोड़ना सही नहीं है, हमें पीएम का सम्मान करना चाहिए, वह देश के पीएम हैं। केसीआर पीएम का सामना करने से डरते हैं।'
'बाघ आते ही लोमड़ियां भाग जाती हैं'
वहीं बीजेपी तेलंगाना अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने केसीआर पर बड़ा हमला करते हुए कहा, "बाघ आते ही लोमड़ियां भाग जाती हैं। अब जब बाघ आया है तो वह (केसीआर) भाग रहा है, हम नहीं जानते कि वह ऐसा क्यों कर रहे हैं? आने वाले दिनों में यहां भगवा और कमल के झंडे फहराएंगे।"
स्मृति ईरानी ने भी किया हमला
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी हमला करते हुए कहा कि उन्होंने ना सिर्फ एक व्यक्ति बल्कि एक संस्था का भी अपमान किया है। ईरानी ने हैदराबाद में कहा कि उन्होंने संविधान की अखंडता को खतरे में डाल दिया। राजनीति केसीआर की पार्टी के लिए एक सर्कस हो सकती है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह सामाजिक मुक्ति और राष्ट्र निर्माण का जरिया है।"
मंत्री टी श्रीनिवास यादव ने किया स्वागत
इससे पहले तेलंगाना के मंत्री टी श्रीनिवास यादव ने पूछा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री को पीएम मोदी की अगवानी क्यों करनी चाहिए। प्रोटोकॉल के मुताबिक एक राज्य प्रतिनिधि को जाकर निमंत्रण देना होता है। इसलिए मैं वहां एक मंत्री के रूप में उनका स्वागत करने जा रहा हूं। आपको बता दें कि बीजेपी की शनिवार से हैदराबाद में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कर रही है। पार्टी के प्रमुख निर्णय लेने वाले निकाय की बैठक में पीएम मोदी और कई अन्य बड़े नेता लोग शामिल हो रहे हैं। पांच साल के अंतराल के बाद दिल्ली के बाहर भाजपा की प्रमुख निर्णय लेने वाली संस्था की यह पहली बैठक है।












Click it and Unblock the Notifications