Andhra Pradesh Bus Fare: संक्रांति पर ज्यादा किराया वसूलने वाले निजी बस संचालकों पर होगी कार्रवाई
आंध्र प्रदेश परिवहन विभाग संक्रांति पर सख्त हो गया है। लोगों से ज्यादा किराया न वसूला जाए इसको लेकर विभाग की तरफ से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।

त्योहारी सीजन पर लोग परिवार संग घूमने निकलते हैं। जिसकी वजह से इस दिन भीड़ भी होती है। इसी का फायदा उठाकर बस या फिर अन्य सवारी वाहन संचालक मनमानी किराया वसूलने लगते हैं। इसी को देखते हुए संयुक्त परिवहन आयुक्त एस वेंकटेश्वरलू ने सोमवार को कहा कि संक्रांति के दौरान यात्रियों से अधिक किराया वसूलने, आरटीओ द्वारा अनुमोदित फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना बसों का संचालन करने या नियमों का उल्लंघन करने वाले निजी ट्रैवल ऑपरेटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि राज्य में अनुबंध कैरिज परमिट वाली लगभग 950 बसें पंजीकृत हैं। ऐसे में यात्रियों की भीड़ के आधार पर और बसें जोड़ी जा सकती हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता से निपटने के लिए उपाय किए गए हैं। निजी बस ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए, प्रत्येक जिले में विशेष टीमों का गठन किया गया है। वे 9 से 18 जनवरी तक सभी निजी ट्रैवल बसों की जांच करेंगे।
अधिकारी ने कहा कि सोमवार को परिवहन आयुक्त पीएसआर अंजनेयुलु ने सभी 26 जिला परिवहन आयुक्तों (DTC) के साथ एक बैठक बुलाई थी। इस दौरान उन्हें अंतर-राज्यीय चेकपोस्टों पर सख्त प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि संक्राति के मौके पर नियमों के उल्लंघन के मामले बढ़ जाते हैं। पिछले साल यानि कि 2022 में त्योहारी सीजन के दौरान 975 से अधिक मामले दर्ज किए गए थे। वहीं, विभाग की तरफ से नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों से 62 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया था।
ये भी पढ़ें- 'ईज ऑफ लिविंग' सर्वे में आंध्र प्रदेश के तीन शहर टॉप पर












Click it and Unblock the Notifications