हिमाचल में भी गर्मी शुरू, शिमला, धर्मशाला, डलहौजी में पर्यटक निराश, स्थानीय लोगों को सता रही है ये चिंता
हिमाचल प्रदेश में सर्दी के मौसम में ही शुरू हो गई है गर्मी। फरवरी महीने में सामान्य से 4 से 10 डिग्री तक ज्यादा हो रहा है तापमान। पर्यटकों में घोर निराशा, स्थानीय लोगों की टूट रही है आशा।

Himachal Pradesh temperature rise: हिमाचल प्रदेश में भी इस बार फरवरी महीने में ही गर्मी शुरू हो गई है। जो सैलानी बर्फबारी का आनंद लेने की उम्मीद में शिमला, धर्मशाला और डलहौजी जैसे हिल स्टेशनों पर पहुंचे हुए हैं, उन्हें काफी निराशा हाथ लगी है। लगेज में भर-भर कर गर्म कपड़े लेकर आए थे, लेकिन स्थिति ये है कि गाड़ियों में बिना एसी के काम नहीं चल पा रहा है। पर्यटकों को जहां हिमाचल के जलवायु परिवर्तन से चिंता हो रही है, वहीं स्थानीय लोगों को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है।

सामान्य से काफी ऊंचा चल रहा है तापमान
हिमाचल प्रदेश में शिमला, धर्मशाला और बाकी हिल स्टेशनों में तापमान बढ़ने से पर्यटकों को भारी मायूसी हो रही है। शनिवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो कि इस मौसम में अबतक का सर्वाधिक है। पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों के साथ ही उत्तरी भारत में पारा लगातार चढ़ता हुआ देखा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में भारतीय मौसम विभाग के हेड सुरेंदर पॉल ने कहा है, 'प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों अभी सामान्य से 4 से 5 डिग्री ऊपर है। कुछ इलाकों में तो तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री तक ज्यादा है।'

मैंने पहली बार इतना ज्यादा तापमान देखा है- स्थानीय
हिमाचल प्रदेश के अधिकतर हिल स्टेशनों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मसलन, डलहौजी में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। एक स्थानीय निवासी शेर सिंह ने बताया है, 'यह पहली बार हो रहा है कि बर्फबारी नहीं हुई है और तापमान भी काफी ऊपर जा चुका है। यह चिंता की बात है कि तापमान बढ़ रहा है और यह हमारे लिए मुश्किल होता जा रहा है। मैंने पहली बार इतना ज्यादा तापमान देखा है।' एक और स्थानीय गोपाल ने कहा, 'मौसम ने स्थानीय लोगों के लिए परेशानी पैदा कर दी हैं, क्योंकि इस साल शिमला में बहुत ही कम बर्फबारी हुई है। मौसम बदल रहा है, आने वाले दिनों में हमें जल संकट का सामना करना पड़ेगा। फसलें भी प्रभावित होंगी, इससे बहुत बड़ी समस्या खड़ी होगी।'

यहां तो बहुत गर्मी है- पर्यटक
वहीं हरियाणा के हिसार से आए एक सैलानी ने मौसम को लेकर मायूसी जताते हुए कहा, 'मैं यहां हिसार की गर्मी से छुटकारा पाने के लिए आया और बर्फबारी की उम्मीद कर रहा था। लेकिन, यहां तो बहुत गर्मी है। पहाड़ भी अब गर्म होने शुरू हो गए हैं। मैंने सोचा था कि अगर बर्फ नहीं होगी तो भी यहां ठंडा वातावरण मिलेगा। पहाड़ों में तापमान बढ़ना चिंता का विषय है।' धर्मशाला में भी ऐसा ही वातावरण देखा जा रहा है। शनिवार को धर्मशाला में अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास था और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया था।

ऐसी जलवायु यहां हमारे लिए अच्छा संकेत नहीं है- स्थानीय
स्थानीय लोगों के मुताबिक पर्यावरण की ऐसी स्थिति अच्छी नहीं है और इससे पर्यटन उद्योग और इलाके की पेयजल योजनाओं पर विपरीत असर पड़ेगा। अनिल कुमार नाम के एक स्थानीय निवासी ने कहा, 'इस साल फरवरी में ही मौसम गर्म हो रहा है। हम सिर्फ एक जैकेट या स्वेटर पहन रहे हैं और वह भी सुबह में या शाम के समय में। धर्मशाला एक मशहूर पर्यटन स्थल है और ऐसी जलवायु यहां हमारे लिए अच्छा संकेत नहीं है।'
Recommended Video

इस साल तो पूरी तरह से उलटा ही हो रहा है- सैलानी
बलजीत सिंह नाम के एक सैलानी ने कहा, 'हम यहां बहुत सारा लगेज लेकर आए थे, लेकिन मैं सिर्फ हाफ टी-शर्ट और हाफ जैकेट पहन रहा हूं। यह बहुत ही निराशाजनक है। हम तो कुछ और ही सोच रहे थे।' एक और पर्यटक देवेंदर ने कहा, 'हम वॉटरफॉल और स्नोलाइन देखने गए थे, लेकिन निराश हो गए। हम कार में एसी चला रहे हैं। मौसम बहुत ही गर्म है। लोग पहाड़ों में सिर्फ ठंडी जलवायु का आनंद लेने आते हैं, लेकिन इस साल तो पूरी तरह से उलटा ही हो रहा है।' (अंतिम तस्वीर- पीटीआई-11फरवरी, इनपुट एएनआई)












Click it and Unblock the Notifications