मोदी के सपने को ही ठेंगा दिखा रहे हैं बीजेपी सांसद

जमीनी हकीकत ये है कि प्रदेश के चारों सांसदों ने बीते एक साल में दौरे की रस्म भर निभाई और फिर इन गावों की तरफ मुड़कर नहीं देखा।

शिमला। केंद्र में मोदी सरकार बनी तो खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण क्षेत्रों को विकसित करने के लिए बकायदा एक योजना तैयार की, जिसमें हर सांसद को एक गांव गोद लेकर आदर्श ग्राम योजना में विकास को गति देने का आदेश दिया। मोदी के कहने पर देखा-देखी सांसदों ने भी गांव गोद ले लिए। हिमाचल में भी भाजपा सांसदों ने धूम-धड़ाके के साथ गांव गोद लिए और प्रचार किया गया कि अब तो गांवों की तकदीर ही बदल देंगे।

मोदी के सपने को ही ठेंगा दिखा रहे हैं बीजेपी सांसद

लेकिन इस पहाड़ी प्रदेश में जमीनी हकीकत ये है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आदर्श ग्राम योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। यहां सांसदों ने जिन गांवों को कागजों में अपनाया था, उन्हें हकीकत में वे भुला बैठे हैं। आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिए गए गांवों की जनता अपने सांसदों के दर्शन को तरस गई है। गोद लिए इन गांवों के प्रधानों का कहना है कि न तो सांसद आते हैं, न ही उनके गांवों की समस्याएं हल हो रही हैं। ऐसे हालात को देखकर तो मोदी भी अपना माथा पीट रहे होते। हालांकि सांसद इस मामले को ज्यादा तूल न देने की भी सलाह दे रहे हैं। योजना के तहत काम न होने के लिए सबके पास अपने-अपने बहाने हैं।

जमीनी हकीकत ये है कि प्रदेश के चारों सांसदों ने बीते एक साल में दौरे की रस्म भर निभाई और फिर इन गावों की तरफ मुड़कर नहीं देखा। उधर, केंद्र ने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर एक बार फिर सांसदों और विधायकों की ग्राम सभाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने विधायकों और सांसदों को ग्राम सभाओं में जाने को कहा है। विधायक और सांसद ग्रामसभाओं में नहीं जा रहे हैं।

मोदी के सपने को ही ठेंगा दिखा रहे हैं बीजेपी सांसद

संसदीय क्षेत्र- शिमला
गोद लिया गांव- जगतनगर (सोलन)

सोलन के कसौली स्थित जगतनगर पंचायत की प्रधान हेमलता का कहना है कि साल 2015 के अंत में इस पंचायत को गोद लिया गया था। पंचायत में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें सांसद को 50 कामों की लिस्ट दी गई थी लेकिन अभी तक एक भी काम के लिए पैसा नहीं मिला है। सांसद ग्रामसभा में कभी नहीं आए। लेकिन शिमला के सांसद वीरेंद्र कश्यप कह रहे हैं कि वो एक बार पंचायत में स्पेशल ग्राम सभा आयोजित की गई थी। उनका कहना है कि इसमें अधिकारी के अलावा वो खुद गए थे, पंचायत में काम चल रहा है, 800 पंचायतें हैं वो कहां-कहां जाएंगे। लोगों के हेल्थ कार्ड, पशु धन योजना, सडकों का काम हो रहा है।

मोदी के सपने को ही ठेंगा दिखा रहे हैं बीजेपी सांसद

संसदीय क्षेत्र - मंडी
गोद लिया गांव- ओल्ड मनाली

ग्रामीणों की मानें तो सांसद लंबे अरसे से इस पंचायत में नहीं गए। ओल्ड मनाली पंचायत में विकास कार्यों को लेकर कई बार पंचायत ने मांगपत्र भेजा, लेकिन सांसद नहीं आए। पंचायत प्रधान मोनिका भारती ने बताया कि एक बार सांसद माता के मंदिर में माथा टेकने आए थे। इस दौरान लोगों से बात की थी। उसके बाद से वे पंचायत में नहीं आए। मंडी के सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा 'मैं बीमार चल रहा था, इस कारण दो महीने से पंचायत का दौरा नहीं कर सका। पंचायत प्रधान गलत बोल रहीं हैं। मैं 15-16 बार पंचायत में गया हूं। हाल ही में स्ट्रीट लाइटें लगाने को भेजीं लेकिन पंचायत प्रधान नहीं लगा रही हैं। अब 23 मई को इस पंचायत के दौरे पर जा रहा हूं।

मोदी के सपने को ही ठेंगा दिखा रहे हैं बीजेपी सांसद

संसदीय क्षेत्र- कांगड़ा-चंबा
गोद लिया गांव-परछोड़ (चंबा)

जिला चंबा की परछोड़ पंचायत में लंबे समय से सांसद नहीं आए, ऐसा वहां की पंचायत प्रधान सरिता चम्याल ने बताया। प्रधान के मुताबिक गोद लेने के बाद सांसद केवल एक बार पंचायत में आए थे। वो भी सामान्य दौरा था। जिस वक्त उनका गांव आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिया गया था। तभी सांसद वहां आए, इसके बाद से ग्राम सभा में सांसद का आना नहीं हुआ। लेकिन शांता कुमार कह रहे हैं कि वो गोद ली गई ग्राम पंचायत में 3 बार गए थे। वहां विकास कार्य की कोशिश की गई जो अब भी जारी है। ग्राम सभाओं में आए दिन जाना मुश्किल होता है। नजदीक की पंचायतों में जाया जा सकता है।

मोदी के सपने को ही ठेंगा दिखा रहे हैं बीजेपी सांसद

संसदीय क्षेत्र- हमीरपुर
गोद लिया गांव- अणुकलां

अणुकलां ग्राम पंचायत के प्रधान सुरेंद्र मिन्हास ने बताया कि सांसद ग्रामसभा में नहीं बल्कि एक जनरल प्रोग्राम में आए थे। इस दौरान पंचायत को गोद लिए जाने पर उनका धन्यवाद कार्यक्रम किया था। उन्होंने पंचायत में एसडीएम को भेजा था। अब उनके आने का प्रोग्राम बनाया जाएगा। अभी कुछ दिन पहले ही सांसद एक बार फिर आए लेकिन विकास की बात धरातल पर नहीं उतरी। इस मामले पर हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों का सर्वे तैयार करने को कहा गया था, इसकी रिपोर्ट तैयार हो गई है। अब इस विकास कार्य की रिपोर्ट को ग्राम सभा में ले जाया जाएगा। मैं स्वयं इस ग्रामसभा में मौजूद रहूंगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+