कोटखाई गैंगरेप: CBI ने हाईकोर्ट में सौंपी रिपोर्ट, लेकिन अधूरी
कोटखाई गैंगरेप मर्डर में आज सीबीआई ने हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट सौंपी। यह स्टेटस रिपोर्ट आधी अधूरी थी।
शिमला। सीबीआई ने आज शिमला जिला के कोटखाई में स्कूली छात्रा के साथ गैंगरेप मर्डर व पुलिस हिरासत में इस मामले के आरोपी की मौत के मामले पर अपनी स्टेटस रिपोर्ट हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में पेश की जो कि आधी अधूरी ही थी। जिसके चलते हाईकोर्ट से सीबीआई द्वारा केस की जांच के लिए जब 3 महीने का समय मांगा तो कोर्ट ने उसे जमकर फटकार लगाई। इस पर कोर्ट ने इतना समय देने से इंकार कर दिया। सीबीआई ने रिपोर्ट को सीलबंद नहीं किया। इस पर भी जज ने सीबीआई को लताड़ा और पूछा कि लिफाफे को सीलबंद क्यों नहीं किया गया? तभी इस गलती पर सीबीआई ने कोर्ट से माफी मांगी। सीबीआई ने अदालत से आग्रह किया कि इस रिपोर्ट को न खोला जाए, क्योंकि मामला संवेदनशील है। इस पर अदालत ने रिपोर्ट नहीं खोली। अब इस मामले पर 17 अगस्त को अगली सुनवाई होगी।

मुख्य न्यायाधीश संजय करोल और न्यायाधीश संदीप शर्मा की खंडपीठ के समक्ष इस मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान सीबीआई ने जांच पूरी करने के लिए तीन माह का समय मांगा था, लेकिन राज्य सरकार के महाधिवक्ता श्रवण डोगरा ने इतना समय मांगने पर आपत्ति जताई। इस पर कोर्ट ने इतना समय नहीं दिया। कोर्ट ने सीबीआई से 17 अगस्त तक रिपोर्ट देने को कहा। अब इस मामले में अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी।
सीबीआई की ओर से पेश हुए वकील अंशुल बंसल ने कहा कि कोर्ट से उन्होंने इस मामले में लिफाफे में जमा की स्टेट्स रिपोर्ट को न खोलने का आग्रह किया था, क्योंकि इस मामले की अभी जांच चल रही है। इस पर कोर्ट ने स्टेट्स रिपोर्ट को नहीं खोली। उन्होंने कहा कि अब सीबीआई 17 अगस्त को अपनी स्टेटस रिपोर्ट देगी। अब सीबीआई इस मामले में अगली स्टेटस रिपोर्ट 17 अगस्त को सौंपेगी। बता दें कि हाईकोर्ट ने सीबीआई से 14 दिन में पूरी स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी, जिसकी अवधि बुधवार यानी 2 अगस्त को खत्म हो रही थी। लेकिन सीबीआई ने यह स्टेटस रिपोर्ट अधूरी दी।
ये है मामला
4 जुलाई को कोटखाई की छात्रा स्कूल से लौटते वक्त लापता हो गई थी। इसके बाद 6 जुलाई को कोटखाई के जंगल में बिना कपड़ों के उसकी लाश मिली थी। हालंकि छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। मामले में 6 आरोपी पकड़े गए थे। इनमें राजेंद्र सिंह उर्फ राजू, हलाइला गांव, सुभाष बिस्ट (42) गढ़वाल, सूरज सिंह (29) और लोकजन उर्फ छोटू (19) नेपाल और दीपक (38) पौड़ी गढ़वॉल के कोटद्वार से है। इनमें से सूरज की कोटखाई थाने में 18 जुलाई को हत्या कर दी गई थी। सीबीआई ने इन दोनों मामलों में केस दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications