सुखविंदर सिंह सुक्खू की कैबिनेट में शामिल होने पर विक्रमादित्य सिंह ने कही बड़ी बात
कांग्रेस पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसे उठाने के लिए तैयार हैं विक्रमादित्य सिंह।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जीत करते हुए प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य को सीएम की कुर्सी से दूर रखा गया। पहले दोनों ही नेताओं को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें शीर्ष जिम्मेदारी मिल सकती है। लेकिन जिस तरह से पार्टी ने उन्हें नजरअंदाज किया उसके बाद कहा जा रहा है कि दोनों नेताओं और उनके समर्थकों के बीच असंतोष है।
इस बीच विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मैं किसी भी जिम्मेदारी को उठाने को तैयार हूं जो कांग्रेस पार्टी मुझे देगी। उन्होंने कहा कि नई कैबिनेट में युवा और अनुभव का मिश्रण होगा। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के नवनिर्वाचित विधायकों और मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से दिल्ली में मुलाकात की। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नई कैबिनेट में युवा चेहरों के साथ अनुभवी नेता होंगे। मैं युवा कांग्रेस का चीफ था और विधायकों और प्रदेश की जनता ने मुझे एक बार फिर से जिताया है। मैं 15 विधानसभा क्षेत्रों में गया था प्रचार करने के लिए। लिहाजा हमे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी हम उसे उठाने के लिए तैयार हैं। हम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व को मजबूत करने का काम करेंगे।
प्रदेश की नई सरकार में कौन सा मंत्रालय मिलेगा इसपर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री ही फैसला लेंगे। इस बात का सिर्फ मुख्यमंत्री ही जवाब दे सकते हैं कि किसे कौन सा मंत्रालय दिया जाएगा। गौर करने वाली बात है कि विक्रमादित्य सिंह को सुक्खू ने अपनी कैबिनेट में जगह पक्की कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को मुख्यमंत्री और विधायकों से मुलाकात की और उन्हें एक साथ मिलकर काम करने और जनता के वादे को पूरा करने को कहा।












Click it and Unblock the Notifications