Himachal Election 2022: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस की हमेशा घुमाओ, लटकाओ, भटकाओ की नीति रही
Himachal Election 2022, हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान ने तेजी पकड़ ली है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी के सुंदरनगर में जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि, मुझे कुछ दिन पहले ही मंडी आना था लेकिन मौसम अचानक खराब हो गया था तब मैंने आपको वर्चुअली संबोधित किया था। उसी समय मैंने ठान लिया था कि जब भी हिमाचल में चुनावी रैलियां शुरू होंगी सबसे पहले मैं मंडी जाऊंगा और आपसे क्षमा मांगूंगा।

पीएम मोदी ने कहा कि, इस बार का हिमाचल का चुनाव बहुत खास है। इस बार 12 नवंबर को पड़ने वाला एक-एक वोट, हिमाचल के अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा। मुझे खशी है कि हिमाचल के लोग, यहां के युवा, यहां की माताएं-बहनें इस बात को अच्छी तरह समझ रही हैं। हिमाचल के लोग भाजपा सरकार की जोरदार वापसी की ठान चुके हैं। फौजियों की ये धरती, वीर माताओं की ये धरती, जब संकल्प ले लेती है तो उसे सिद्ध करके ही दिखाती है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना, राज-पाट चलाने जैसा ही रहा है। हिमाचल में, पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस दशकों तक तरसाओ, लटकाओ-भटकाओ की नीति पर चली है। झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब रही है। किसानों को कर्जमाफी के नाम पर कांग्रेस किस तरह झूठ बोलती आ रही है, इसका भी गवाह पूरा देश रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि, जब दिल्ली और हिमाचल में भाजपा की सरकार थी तो काम तेजी से चल रहे थे।लेकिन जैसे ही, पांच उसके, पांच उसके, इस चक्कर में पड़ गए और कांग्रेस वाले वापस आए, सारे काम ठप कर दिए। कांग्रेस ने हमेशा यहीं सोचा कि यह छोटा राज्य है जहां से 3-4 सांसद आते हैं इनकी देश की राजनीति में हैसियत ही क्या है। इसी वजह से कांग्रेस ने हिमाचल के विकास को कभी भी प्राथमिकता नहीं दी और हिमाचल लगातार पीछे होता चला गया। बीच-बीच में यहां BJP की सरकार बनी तो कुछ काम आगे बढ़ा।
पीएम मोदी ने कहा कि, हिमाचल के भाईयों-बहनों आपने मुझे दिल्ली में बैठाया है। मैं आपके लिए कुछ करना चाहता हूं। पिछले 5 साल से करना चाहता हूं और आगे भी करना चाहता हूं। मुझे सेवा का मौका दोगे ना, और मैं आपको वादा करता हूं कि मैं आपके लिए जितना कर सकता हूं, कभी पीछे नहीं हटूंगा। भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का संकल्प लिया, उसे सिद्ध करके दिखाया। भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया, आज अयोध्या में इतना भव्य राम मंदिर बन रहा है।
मोदी ने कहा कि, कांग्रेस की सच्चाई ये है कि 2012 में जिस घोषणा पत्र पर वो चुनाव जीते, वादे किए थे, एक भी काम उन्होंने नहीं किया। जबकि भाजपा की पहचान है कि हम जो कहते हैं उसे पूरा करने के लिए दिन-रात खपा देते हैं। कांग्रेस 40 साल से देश के फौजियों को वन रैंक वन पेंशन का वायदा करती आ रही थी। लेकिन इतने वर्षों तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहने के बावजूद उसने कुछ नहीं किया।
मोदी ने आगे कहा कि, आजादी के बाद देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में ही किया था। तब से कांग्रेस की सरकार जब तक रही, तब तक रक्षा सौदों में जमकर दलाली खायी। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि देश रक्षा साजो-सामान के मामले में आत्मनिर्भर बने।आज भारत आत्मनिर्भर होने का अभियान चला रहा है। अपने हथियार खुद बनाने पर जोर दे रहा है। कांग्रेस देश की रक्षा की ही नहीं, बल्कि देश के विकास की भी हमेशा विरोधी रही है। अगर हिमाचल के लोगों ने भाजपा को सेवा का मौका नहीं दिया होता तो आज 9 लाख घरों में नल से जल नहीं पहुंचता। उज्ज्वला का सिलेंडर नहीं पहुंचता। आयुष्मान योजना और हिमकेयर योजना के तहत लोगों को मुफ्त इलाज नहीं मिलता। हर गरीबों को मुफ्त में राशन मुहैया नहीं होता।












Click it and Unblock the Notifications